इस साल JEE एडवांस्ड में लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. पहली बार हुआ है कि 10,000 से ज्यादा लड़कियां ने JEE एडवांस्ड 2026 पास किया है. लड़कियों में पुणे की आरोही देशपांडे ने टॉप किया है. आरोही देशपांडे से NDTV ने खास बातचीत की. इस दौरान आरोही देशपांडे ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया. आरोही देशपांडे ने बताया कि उसके माता-पिता ने अपनी नौकरी बदली और कोटा शिफ्ट होकर 'वर्क फ्रॉम होम' किया. ऐसा उन्होंने इसलिए किया ताकि वो अपनी बेटी का पूरा साथ दे सकें और उसका ध्यान रख रखें.
- JEE एडवांस्ड 2026 में इस साल कुल 56,880 उम्मीदवारों ने IIT में दाखिले के लिए क्वालिफ़ाई किया है.
- क्वालिफ़ाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में से 10,107 महिला उम्मीदवार हैं.
- आईआईटी दिल्ली ज़ोन से परीक्षा देने वाली आरोही देशपांडे ने ऑल इंडिया रैंक AIR 77 हासिल की है और वह लड़कियों में सबसे ज्यादा अंक पाने वाली छात्रा बनी हैं.
- इस प्रवेश परीक्षा में आरोही ने 360 में से 280 अंक प्राप्त किए हैं.
आरोही ने कहा, “मेरी इस सफलता के पीछे मेरे माता-पिता का बहुत बड़ा त्याग है. मेरी कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई पुणे में हुई थी. इसके बाद जब आगे की तैयारी का फैसला हुआ, तो मेरे माता-पिता ने सिर्फ मेरे लिए अपनी नौकरी के प्रोफाइल में बदलाव किया. हम सभी पुणे से कोटा राजस्थान शिफ्ट हो गए. वहां भी मेरे माता-पिता ने 'वर्क फ्रॉम होम' का विकल्प चुना ताकि वे हर वक्त मेरे साथ रह सकें और पढ़ाई के दौरान मेरा पूरा ख्याल रख सकें."
कितने घंटे की पढ़ाई
आरोही ने बताया कि उन्हें मैथ अच्छी लगती है और उनके परिवार में पहले से कई इंजीनियर हैं. ऐसे में आरोही ने इंजीनियरिंग करना का सोचा. मेरी कोटा जाकर पढ़ाई करने की इच्छा थी. इसलिए मेरे साथ मेरा पूरा परिवार कोटा चले गया. आरोही ने कहा कि वो कितने घंटे पढ़ाई करेंगी, इसकी कोई योजना नहीं बनाती थी. दिन का जो भी काम दिया जाता था, उसे पूरा करने पर फोकस करती थी. जब तक काम पूरा न हो, वो पढ़ाई करती रहती थी.
बता दें JEE एडवांस्ड 2026 के नतीजे 1 जून को जारी किए हए हैं. इस साल IIT दिल्ली ज़ोन के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की है. उन्होंने कुल 360 में से 330 अंक प्राप्त करके परीक्षा में टॉप किया. कबीर छिल्लर ने 329 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है. जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया. टॉप तीन स्थानों पर IIT दिल्ली ज़ोन के छात्र रहे. IIT दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे 360 में से 280 अंक हासिल करके टॉप रैंक वाली महिला उम्मीदवार बनीं है. उन्हें कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक मिली है.