JEE Advanced 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. इस साल, IIT दिल्ली ज़ोन के तीन उम्मीदवारों ने कॉमन रैंक लिस्ट में टॉप तीन रैंक हासिल की है. JEE Advanced 2026 में IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने All India Rank (AIR) 1 हासिल की है. वहीं महिलाओं में आरोही देशपांडे ने टॉप किया है. आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया है. कबीर छिल्लर और जतिन चाहर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान पर रहे हैं. IIT रुड़की ने 1 जून सुबह 2 बजे के करीब रिजल्ट को जारी किया है.
कबीर छिल्लर ने कुल 360 अंकों में से 329 अंक हासिल किए हैं. वहीं तीसरे स्थान पर आए जतिन चाहर ने 319 अंक हासिल किए हैं. महिलाओं में टॉप करने वाली आरोही देशपांडे ने 280 अंक हासिल किए हैं.
कितने छात्रों ने पास की ये परीक्षा
इस साल JEE Advanced 2026 परीक्षा के लिए कुल 1,87,389 आवेदन आए थे. जबकि परीक्षा में 1,79,694 छात्र शामिल हुए थे. ये एग्जाम 17 मई को आयोजित हुआ था. वहीं 1 जून को जारी किए गए JEE Advanced 2026 परीक्षा के रिजल्ट के अनुसार परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों में से 56,880 उम्मीदवारों ने इसे पास किया है. 56,880 उम्मीदवारों में 10,107 छात्राएं शामिल हैं.
इस साल जिन उम्मीदवारों ने JEE Advanced 2026 की परीक्षा दी है, वे JEE Advanced की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं. रिजल्ट देखने के लिए, छात्रों को अपना रोल नंबर, जन्म तिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ेगी.