ICAI CA Inter Result 2026: मुंबई में डोंबिवली के कोपर इलाके में रहने वाले 23 वर्षीय सोहन अनिल मांजरेकर ने चार्टर्ड अकाउंटेंट फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक AIR 3 हासिल कर डोंबिवली सहित पूरे ठाणे जिले का नाम रोशन किया है. घोषित हुए नतीजों में सोहन ने 78.83 फीसदी अंक प्राप्त कर देश के शीर्ष छात्रों में अपनी जगह पक्की की है. सोहन ने इससे पहले CA इंटरमीडिएट परीक्षा में भी ऑल इंडिया छठी AIR-6 रैंक हासिल की थी. इसलिए उन्हें इस बार भी देश के टॉप-10 में आने का पूरा भरोसा था, लेकिन सीधे तीसरी रैंक मिल जाएगी, इसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी.
मां की याद और सफलता की खुशी
सोहन अपने पिता अनिल मांजरेकर और बड़ी बहन शिवानी के साथ डोंबिवली में रहते हैं. उनकी मां श्वेता मांजरेकर का पांच साल पहले एक बीमारी के कारण निधन हो गया था. इसलिए इस कामयाबी की खुशी के बीच भी परिवार को उनकी कमी गहराई से खल रही है.
सफलता का मंत्र: कोई शॉर्टकट नहीं
अपनी सफलता का राज बताते हुए सोहन ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की और अपने लक्ष्य पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखा. उन्होंने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार के अटूट समर्थन को दिया है.
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा
सोहन के पिता अनिल मांजरेकर मुंबई के माटुंगा में एक पार्टनरशिप फर्म में अकाउंटेंट के तौर पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी बहन शिवानी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज TCS में काम करती हैं. नतीजे घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया.
डोंबिवली के डॉन बॉस्को स्कूल के छात्र रहे सोहन शुरू से ही पढ़ाई में होशियार रहे हैं. उन्होंने 10वीं कक्षा में 91.8% अंक हासिल किए थे. इसके बाद उन्होंने मुलुंड स्थित कोचिंग सेंटर से CA परीक्षा की तैयारी की. सोहन की यह शानदार सफलता आज डोंबिवली और पूरे ठाणे जिले के छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है.
(इनपुट - अमजद खान)
ये भी पढ़ें - 'आपके अंकल प्रेसिडेंट भी हों तब भी चालान कटेगा', ये बोलने वाली IPS अफसर अनु बेनीवाल कौन हैं?