CBSE Class 12 Math Exam: CBSE की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसी बीच कई क्वेश्चन पेपर्स को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग बहस छिड़ रही है. ऐसा ही एक मामला सीबीएसई (CBSE) की 12वीं की गणित की बोर्ड परीक्षा को लेकर भी हो रहा है. जिसमें सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. कुछ छात्र सोशल मीडिया पर दावा कर रहे हैं कि उनके क्वेश्चन पेपर पर छपे क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन करने पर वो 'रिकरोल' मीम (Rickroll meme) पर पहुंच रहे हैं. इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं.
क्यों लगा होता है क्यूआर कोड?
बोर्ड परीक्षाओं में क्वेश्चन पेपर्स पर क्यूआर कोड परीक्षा संबंधी जानकारी या सत्यापन के लिए होते हैं. आमतौर पर काफी कम छात्र ही इसे स्कैन करते हैं, लेकिन इस बार जब मीम वाली बात सामने आई तो हर कोई इसे स्कैन कर चेक करने लगा. छात्रों ने बताया कि जब परीक्षा के बाद उन्होंने इस कोड को स्कैन किया, तो उन्हें रिक एस्टली (Rick Astley) के 1987 के मशहूर गाने "नेवर गोना गिव यू अप" का वीडियो नजर आया, जो 'रिकरोलिंग' के नाम से मशहूर है.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
12वीं मैथ्स एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर खूब बहस चल रही है. रेडिट से लेकर एक्स और इंस्टाग्राम पर इसके वीडियो शेयर किए जा रहे हैं. दिल्ली के अलावा बाकी कई राज्यों के छात्रों ने भी ऐसा दावा किया है कि उनके साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ है. फिलहाल इस मामले को लेकर मीम्स की बाढ़ सी आ रही है. सोशल मीडिया पर लोग इस पर चुटकी ले रहे हैं और मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं.
CBSE की तरफ से आई सफाई
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तरफ से इस मामले को लेकर सफाई भी आ गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मीम्स के बाद CBSE ने कहा कि परीक्षा में इस्तेमाल किए गए प्रश्न पत्र असली हैं और उनकी सुरक्षा बरकरार है. बोर्ड ने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.