CBSE 10th Result Middle East: मिडिल ईस्ट में रहने वाले सीबीएसई के 10वीं के छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर आई है. वहां के मौजूदा जंग के हालातों को देखते हुए बोर्ड ने 5 मार्च को होने वाली परीक्षाओं को रद्द कर दिया था. अब सबसे बड़ा सवाल ये था कि जिन बच्चों के पेपर छूट गए हैं, उन्हें नंबर कैसे मिलेंगे. सीबीएसई ने इसका पूरा असेसमेंट फॉर्मूला जारी कर दिया है. बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई जैसे देशों के छात्रों पर यह नया नियम लागू होगा. यहां आसान भाषा में समझिए आपके बच्चे का रिजल्ट कैसे तैयार होगा.
छात्रों का रिजल्ट किस आधार पर बनेगा
सीबीएसई ने रिजल्ट तैयार करने के लिए चार अलग-अलग कंडीशंस (Scenarios) बताई हैं. आपका बच्चा जिस कैटेगरी में फिट बैठता है, उसके नंबर उसी हिसाब से तय होंगे. इससे किसी भी बच्चे को किसी तरह की समस्या नहीं आएगी और सभी की सही मार्किंग होगी.
चारों कैटेगरी क्या हैं और कैसे नंबर दिए जाएंगे
1. जिन छात्रों ने अपने सभी पेपर्स दिए हैं, उनका रिजल्ट उनके उन्हीं पेपर्स में मिले नंबरों के आधार पर बनेगा. इसमें कोई बदलाव नहीं होगा.
2. अगर किसी छात्र ने सिर्फ 4 पेपर दिए हैं, तो उनके जिन विषयों के पेपर नहीं हो पाए, उनमें उन 3 विषयों के औसत (Average) नंबर दिए जाएंगे, जिनमें उनके सबसे अच्छे मार्क्स आए हैं.
3. अगर सिर्फ 3 पेपर दिए हैं, तो उनके बाकी बचे पेपर्स के लिए उन 2 विषयों के नंबरों का औसत लिया जाएगा, जिनमें उन्होंने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है.
4. अगर किसी ने सिर्फ 2 पेपर दिए हैं, तो उनके बाकी सब्जेक्ट्स के नंबर उन 2 पेपर्स के औसत के आधार पर तय किए जाएंगे जो इन्होंने दिए हैं.
प्राइवेट और कंपार्टमेंट वाले छात्रों के लिए क्या है नियम
साल 2025 या उससे पहले के जो प्राइवेट स्टूडेंट कंपार्टमेंट कैटेगरी में रजिस्टर थे, उनके लिए बोर्ड ने अलग व्यवस्था की है. अगर छात्र ने 1 या 2 पेपर दिए हैं, तो रिजल्ट उनके उसी प्रदर्शन के आधार पर बनेगा. जिन छात्रों के पेपर अभी बाकी हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. बोर्ड उन्हें सेकंड बोर्ड एग्जाम में बैठने का मौका देगा.
रिजल्ट कब आएगा और क्या है आगे का प्लान
मिडिल ईस्ट के छात्रों का रिजल्ट भी बाकी दुनिया के छात्रों के साथ ही घोषित किया जाएगा. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि स्कूलों द्वारा पूरे साल के दौरान जो इंटरनल असेसमेंट (Internal Assessment) के नंबर अपलोड किए गए हैं, उन्हें ही फाइनल माना जाएगा. अगर कोई छात्र अपने रिजल्ट से खुश नहीं है, तो उसके पास बोर्ड की पॉलिसी के हिसाब से 'सेकंड बोर्ड एग्जाम' के जरिए अपना स्कोर सुधारने का मौका होगा.
12वीं के छात्रों के लिए क्या है अपडेट
फिलहाल यह पूरी प्लानिंग 10वीं के लिए है. सीबीएसई ने कहा है कि 12वीं कक्षा के असेसमेंट फॉर्मूले पर अभी काम चल रहा है और जल्द ही इसकी घोषणा अलग से की जाएगी. बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि रिजल्ट घोषित करने का तरीका और समय छात्रों को समय रहते बता दिया जाएगा.