CBSE Board Results: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर रिजल्ट जारी किए गए हैं. छात्र UMANG ऐप या फिर डिजीलॉकर पर भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं. लेकिन इस साल भी सीबीएसई ने मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है. सीबीएसई ने विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय डिवीजन नहीं दिया है. स्टेट बोर्ड की तरह सीबीएसई टॉपर्स की सूची भी जारी नहीं करता है.
क्यों जारी नहीं की जाती मेरिट लिस्ट
पिछले साल भी CBSE ने मेरिट लिस्ट जारी नहीं की थी. मेरिट लिस्ट जारी ना करने पर सीबीएसई की ओर से ये कहा गया था कि वे विद्यार्थियों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए मेरिट सूची घोषित नहीं करते हैं. हालांकि बोर्ड उन विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट जारी करता है, जो संबंधित विषयों में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले शीर्ष 0.1% में शामिल होते हैं. यह मेरिट सर्टिफिकेट संबंधित विद्यार्थियों के DigiLocker (डिजीलॉकर) में उपलब्ध होता है.
ऐसा रहा CBSE 10वीं रिजल्ट
93.70 प्रतिशत सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा में पास हुए हैं. पिछले साल के मुकाबले इस साल का रिजल्ट थोड़ा बेहतर रहा है. लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99% रहा है, जो लड़कों (92.69%) के मुकाबले बेहतर है. अगर राज्यों और इलाकों की बात करें तो त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा रीजन 99.79% के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे हैं, जबकि दिल्ली का ओवरऑल रिजल्ट 97.38% रहा है.
सरकारी स्कूलों का शानदार प्रदर्शन
सीबीएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय (KVS) और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) सबसे सफल स्कूल समूह बनकर उभरे हैं. केन्द्रीय विद्यालय का रिजल्ट 99.57% रहा है. वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय के 99.42% छात्र सफल हुए हैं. इसके ्अलावा अन्य सरकारी स्कूलों का रिजल्ट भी अच्छा रहा है. सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 91.43 प्रतिशत रहा. वहीं सरकारी एडेड स्कूलों का रिजल्ट 91.01 फीसदी रहा है.