केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (CBSE) की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं. छात्र आखिरी वक्त में अपनी तैयारी को टेस्ट कर रहे हैं और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा देने पहुंच रहे हैं. बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों को सबसे ज्यादा डर गणित की परीक्षा से लगता है, 10वीं के छात्रों को पहले ही दिन इस डर का सामना करना पड़ा. परीक्षा के बाद कई छात्रों ने शिकायत करते हुए बताया कि पेपर काफी मुश्किल था और कई सवाल समझ नहीं आए. अब 12वीं के छात्रों को इस मुश्किल परीक्षा का सामना करना है. सोमवार 9 मार्च को 12वीं का मैथेमेटिक्स एग्जाम होगा, जिसकी तैयारी के लिए हमने एक्सपर्ट से बात की, जिन्होंने बताया कि किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए.
मैथ्स की परीक्षा के लिए एक्सपर्ट टिप्स
नोएडा के आर्मी पब्लिक स्कूल में मैथ्स की टीचर अंशु सिन्हा ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए छात्रों को गणित की परीक्षा के लिए कई टिप्स दिए. उन्होंने बताया कि कैसे सवालों को हल करना है और टाइम मैनेजमेंट के लिए क्या जरूरी है.
मैट्रिक्स (Matrix): जब आप रो (Row) या कॉलम (Column) बदल रहे हों, तो एक ही स्टेप में दोनों को साथ में न बदलें. कॉलम के लिए सिर्फ कॉलम बदलें और रो के लिए सिर्फ रो,
ग्राफ, लिनियर प्रोग्रामिंग (LPP): सही एरिया को शेड (Shade) करना बहुत जरूरी है. अगर ग्राफ खुला हुआ (Unbounded) है, तो 'किंक लाइन' (टेढ़ी-मेढ़ी लाइन) जरूर बनाएं.
वेक्टर (Vector): वेक्टर एलजेब्रा और 3D जियोमेट्री वाले सवालों में वेक्टर साइन जरूर लगाएं.
लिखावट (Writing): कैलकुलेशन करते समय आपने जो भी फॉर्मूला इस्तेमाल किया है, उसे बगल में जरूर लिखें.
1 नंबर वाले सवाल: इनमें सिर्फ सही उत्तर के ही नंबर मिलते हैं, अगर उत्तर गलत है, तो स्टेप्स के नंबर नहीं मिलेंगे.
साफ-सफाई: पेपर में ज्यादा काट-पीट न करें, सफाई का ध्यान रखें. हर नया उत्तर नए पेज से शुरू करें. इसके अलावा नंबरिंग भी जरूरी है. अपनी सप्लीमेंट्री शीट (Extra Sheets) को सही नंबर दें और उन्हें अच्छे से बांधें.
पूरा पेपर करें सॉल्व: कोशिश करें कि कोई सवाल न छूटे, अगर पूरा जवाब नहीं आता, तो जितना आता है उतना ही लिख दें. (इससे आपको कुछ नंबर मिल सकते हैं)
कैसे करें टाइम मैनेजमेंट?
मैथ्स की टीचर अंशु सिन्हा ने ये भी बताया कि एग्जाम के दौरान टाइम मैनेजमेंट कैसे करें. उन्होंने बताया कि शुरुआत के 15 मिनट में पेपर को अच्छे से पढ़ें और चुन लें कि कौन सा सवाल पहले करना है. घबराएं नहीं, जो सवाल अच्छे से आते हैं, उन्हें पहले करें. अगर किसी सवाल में अटक जाएं तो उसे छोड़कर अगले सवाल पर बढ़ जाएं. आखिरी के 10-15 मिनट अपने आंसर्स को दोबारा चेक करने के लिए बचाकर रखें.
परीक्षा से पहले की तैयारी
परीक्षा से ठीक पहले अपनी NCERT किताब के सभी उदाहरण (Examples) और सवालों को अच्छे से हल करें. परीक्षा से 1-2 दिन पहले कुछ भी नया न सीखें, जो पहले से आता है, बस उसे ही रिवाइज करें. अपनी पेन, पेंसिल, स्केल और जरूरी स्टेशनरी साथ ले जाना न भूलें.
VC का इस्तीफा और रोहित एक्ट की मांग, JNU में प्रदर्शन कर रहे वामपंथी छात्र क्या चाहते हैं?