बिहार बोर्ड की तरफ से कल यानी 20 मार्च को बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाएगा. लाखों छात्र अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. बताया गया है कि शिक्षा मंत्री खुद पटना से ये रिजल्ट जारी करेंगे, रिजल्ट के साथ इस बार भी टॉपर्स की लिस्ट जारी की जाएगी. पिछली बार यानी 2025 में लड़कियों ने बाजी मारी थी. टॉप करने वाली भी लड़की ही थी. आइए बताते हैं कि पिछले साल बिहार में किसने 10वीं की परीक्षा में टॉप किया था और ऐसा करने के बाद उन्होंने क्या कहा.
अंशु कुमारी बनीं थी टॉपर
पिछले साल पश्चिमी चंपारण की अंशु कुमारी ने बिहार बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में टॉप किया था. उन्होंने 489 नंबर हासिल किए थे और पूरे राज्य में सबसे आगे रहीं. नंबर एक की रैंक हासिल करने पर अंशु ने बताया था कि माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों की वजह से ऐसा हुआ. अंशु ने बताया कि मैं आगे चलकर नीट की परीक्षा देना चाहूंगी और इस परीक्षा को पास कर भविष्य में डॉक्टर बनना चाहूंगी.
बेटी के टॉपर बनने पर माता-पिता ने भी खुशी जताई और कहा कि बेटी की इच्छा के हिसाब से उसे जो पढ़ना होगा, वो पढ़ाएंगे. उन्होंने कहा था कि हम चाहते हैं कि वह भविष्य में बेटी डॉक्टर बने. अंशु के अलावा बिहार के कुल 123 छात्र ऐसे रहे, जिन्होंने टॉप 10 में अपनी जगह बनाई थी. जिनमें 60 छात्राएं और 63 छात्र शामिल थे. पिछले साल बिहार में मैट्रिक परीक्षा में 82.11 प्रतिशत छात्र पास हुए थे.
12वीं में किसने किया था टॉप?
बिहार बोर्ड की 12वीं परीक्षा में भी लड़कियों ने ही पिछले साल बाजी मारी थी. तीनों स्ट्रीम की टॉपर लड़कियां थीं. आर्ट्स स्ट्रीम में अंकिता कुमारी और शाकिब शाह, साइंस स्ट्रीम में प्रिया जायसवाल और कॉमर्स स्ट्रीम में रोशनी कुमारी ने टॉप किया था. आर्ट्स स्ट्रीम में अंकिता कुमारी (वैशाली) और शाकिब शाह (बक्सर) ने संयुक्त रूप से टॉप किया. दोनों ने 500 में से 473 नंबर हासिल कर 94.6 प्रतिशत स्कोर किया.
इस बार भी बेहतर रिजल्ट की उम्मीद
बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने इस बार रिजल्ट रिकॉर्ड टाइम में जारी करने की बात कही थी, जो अब सच साबित हो रही है. इस बार रिजल्ट और भी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है. इस साल 15.12 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा में रजिस्ट्रेशन करवाया था. रिजल्ट जारी होने के बाद आप एनडीटीवी या फिर आधिकारिक वेबसाइट पर इसे चेक कर सकते हैं.