Bihar Board 12th Result 2026: अखबार बांटने वाले की बेटी ने किया कमाल, बिहार बोर्ड में बनीं टॉपर

Bihar Board 12th Result 2026: मानवी की मां संगीता देवी एक गृहिणी हैं और आज अपनी बेटी की इस सफलता पर फूले नहीं समा रही हैं. मानवी का सपना अब CA बनने का है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Bihar Board 12th Result 2026

Bihar Board 12th Result 2026: किस्मत की लकीरें वो खुद लिखते हैं, जिनके हौसलों में उड़ान होती है. आज हम आपको मिलवाने जा रहे हैं बिहार की एक ऐसी ही 'सुपर गर्ल' से, जिसने अभावों को अपनी ढाल बनाया और कामयाबी का एक नया इतिहास रच दिया. बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी हो चुका है. ऐसे में अब टॉपर्स की कहानियां भी सामने आ रही हैं. वैशाली जिले के देसरी के चक महम्मद वार्ड नंबर दो की रहने वाली मानवी कुमारी ने इंटर कॉमर्स की परीक्षा में 474 अंक हासिल कर पूरे राज्य में चौथा स्थान पाया है, लेकिन यह जीत सिर्फ अंकों की नहीं, बल्कि उस कड़े संघर्ष की है जो मानवी के पिता पंकज कुमार पिछले 25 वर्षों से कर रहे हैं.

संघर्ष से सफलता तक की कहानी

मानवी के पिता पेशे से एक पेपर हॉकर हैं. जो अखबार लोगों के घरों तक दुनिया की खबरें पहुंचाते थे, आज उसी अखबार की सुर्खियों में उनकी बेटी का नाम आने वाला है. परिवार की स्थिति चुनौतियों से भरी है. घर में दो बड़ी बहनें, मांसी और साक्षी, दिव्यांग हैं. लेकिन मानवी ने इन मुश्किलों को कभी अपनी पढ़ाई के आड़े नहीं आने दिया.

बिना किसी कोचिंग के, सिर्फ 6 से 7 घंटे की सेल्फ स्टडी और अपनी दादी कांति देवी से मिली प्रेरणा के दम पर मानवी ने यह मुकाम हासिल किया है. इससे पहले मैट्रिक में भी उन्होंने संत माइकल पब्लिक स्कूल और सीबीएसई बोर्ड में जिले में छठा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था.

सीए बनने का सपना देख रहीं हैं मानवी

मानवी की मां संगीता देवी एक गृहिणी हैं और आज अपनी बेटी की इस सफलता पर फूले नहीं समा रही हैं. मानवी का सपना अब CA (Chartered Accountant) बनकर देश की सेवा करना और अपने परिवार का नाम रौशन करना है. मानवी अपनी आर्थिक तंगी की याद भी करती है और अपने जूनियर को कई सीख भी दे रही है. मानवी की यह कहानी उन लाखों छात्रों के लिए एक मिसाल है जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं.

Advertisement

बिहार में लड़कियों ने लहराया परचम

बिहार में पिछले साल की तरह इस साल भी लड़कियों ने बाजी मारी है. साइंस को छोड़कर बाकी दोनों स्ट्रीम में लड़कियां टॉपर बनी हैं. साइंस के टॉपर आदित्य प्रकाश अमन हैं, जो समस्तीपुर के रहने वाले हैं. आदित्य ने कुल 481 (96.20%) अंक हासिल कर टॉप किया. आर्ट्स की टॉपर गया जिले की निशु कुमारी रहीं, जिन्होंने 489 अंक प्राप्त कर टॉप किया. वहीं कॉमर्स में पटना की छात्रा अदिति कुमारी ने 480 अंक प्राप्त कर टॉप किया है. 

Featured Video Of The Day
Dead Son का AI Clone बनाया परिवार ने! Elderly Mother से रोज Video Call पर करता है बात, जानें सच