140 किमी/घंटा की रफ्तार, टेस्ट में विकेटकीपर स्टंप से चिपक रहे, दिग्गज कीपरों ने बताया नई रणनीति का राज़

हालिया समय में देखने में आया है कि विकेटकीपर टेस्ट में 140 किमी/घंटा की रफ्तार के खिलाफ स्टंप से सटकर विकेटकीपिंग कर रहे हैं. व्हाइट-बॉल तो ठीक है, लेकिन टेस्ट में यह रणनीति चौंकाती है, खेल के अलग-अलग स्तर पर खेल चुके विकेटकीपरों ने इसके पीछे की वजह बताई है

140 किमी/घंटा की रफ्तार, टेस्ट में विकेटकीपर स्टंप से चिपक रहे, दिग्गज कीपरों ने बताया नई रणनीति का राज़
NZ vs IND 2nd Test: न्यूजीलैंड सीरीज में भी टॉम ब्लंडेल को पेसरों के खिलाफ स्टंप से सटकर कीपिंग करते देखा गया

हालिया दिनों में टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपरों की नई रणनीति सामने आई है. और इसे नियमित रूप से देखा गया है. वेलिंगटन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट में टॉम ब्लंडेल ऐसा करते दिखाई पड़े, तो ऋषभ पंत भी 'उनकी चाल' चलते देखे गए. इससे पहले भी टॉम ब्लंडेल ने इंग्लैंड सीरीज के दौरान यह साहस अच्छा-खासा दिखाया था. और यह था 140 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज गेंदबाजों के खिलाफ स्टंप से चिपक कर कीपिंग करना. ठीक उस जगह कीपिंग करना, जहां पर कीपर स्पिनरों के खिलाफ कीपिंग करते हैं. हालांकि, यह पूर्व में भी होता रहा है, लेकि तब यह बमुश्किल ही दिखाई पड़ता था. अब टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपर इस रणनीति को हथियार बना रहे है, जो कभी इंग्लैंड के सुपर विकेटकीपर जैक रसेल अपनाया करते थे.  इसी मुद्दे पर अलग-अलग स्तर पर खेल चुके पूर्व दिग्गज विकेटकीपरों ने अपनी राय रखी कि आखिरकार यह अब टेस्ट क्रिकेट में क्यों दिखाई पड़ रहा है. 

यह भी पढ़ें: हरी पिच पर भी विकेट को तरसे जसप्रीत बुमराह, जानें पहले दिन कहां अटकी बात

इसी मामले पर मशहूर कमेंटेटर और भारत के पूर्व विकेटकीपर सबा करीम कहते हैं, 'इससे पीछे दो बातें हैं. पहली बात तो यह है कि बल्लेबाज टेस्ट में भी तेज गति से खेल रहे हैं. वह कदमों का इस्तेमाल करके बॉलरों को मार रहे हैं. ऐसे में विकेटकीपर ऊपर आकर बल्लेबाज पर दबाव बनाता है.' उन्होंने कहा,  विकेटकीपर का पेसर के खिलाफ ऊपर आना ठीक वैसे ही काम करता है, जैसे असर स्पिनर के खिलाफ बल्लेबाज के लिए नजदीकी फील्डरों की तैनाती से होता है.'

सबा करीम कहते हैं, 'दूसरी सबसे बड़ी वजह है कि रनों का रोकना. और बल्लेबाज के रन बनाने की गति को नियंत्रित करना. जब विकेटकीपर पेसर के खिलाफ ऊपर आता है, बल्लेबाज कितना भी आक्रामक हो, वह सहम जाता है, ठिठक जाता है और इसका असर रन गति पर पड़ता ही है.' और वास्तव में सबा करीम की यह बात आंकड़ों में भी प्रदर्शित होती है.  उन्होंने कहा, 'यह रणनीति तब भी इस्तेमाल में लाई जाती है, जब गेंद में मूवमेंट खत्म हो जाता है और इसकी चमक फीकी पड़ जाती है. ऐसे में बल्लेबाज थोड़ा खुलने लगते हैं, तो कीपर ऊपर आकर इस आक्रामकता को कुंद करने की कोशिश करते हैं. और कई बार इस रणनीति में सफलता मिलने के भी आसार बढ़ जाते हैं.  

Advertisement - Scroll to continue

इसी पर पूर्व विकेटकीपर चंद्रकांत पंडित कहते हैं, 'कीपिंग का यह अंदाज यह ठीक उस बल्लेबाजी की तरह प्रतिक्रिया है, जो टी20 ऐरा के बाद विकसित हुई है. वर्तमान में बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में भी तेज गेंदबाजी के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल कर गेंद को उड़ाने की क्षमता रखते हैं. स्विंग की काट के लिए यह बल्लेबाज क्रीज से बाहर निकलने में भी नहीं डरते. ऐसे में कीपर का स्टंप से चिपक कर कीपिंग करना मूल रूप से बल्लेबाज को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास है.'

इसी मुद्दे पर भारत A, उत्तर प्रदेश लिए करीब 12 साल और 68 रणजी ट्रॉफी मैच खेल चुके पूर्व फर्स्ट क्लास विकेटकीपर मनोज मुदगल कहते हैं, 'खेल बदल गया है. पेसर के खिलाफ आगे कीपिंग करने के लिए बहुत ही  साहस की जरूरत होती है, लेकिन इसमें काफी जोखिम भी छिपा होता है. लेकिन इस दौर के कीपर रिस्क ले रहे हैं. बल्लेबाज स्विंग की काट के लिए बॉक्स (पॉपिंग क्रीज) से आगे खड़े हो रहे हैं, तो कीपर भी उसे आउट करने के लिए पेसर पर चिपक कर कीपिंग कर रहे हैं.'

मुद्गगल कहते हैं, 'कीपर के आगे होने का मतलब है कि बल्ले ने किनारा लेकर स्लिप की बाहर जाते कैच के लिए कीपर के लिए  विकल्प खत्म हो जाता है. यह फॉर्मूला इन स्विंग गेंदों प ज्यादा काम करता है. अगर कीपर-पहले गेंदबाज से बात कर ले, तो लेग साइड की ओर जाती गेंदों पर फ्लिक खेलने की कोशिश में बल्लेबाज के कैच या स्टंप होने के चांस रहते है, लेकिन इस पर भी उसके रिफलेक्सेस बहुत तेज होने चाहिए. कीपरों की नई तकनीक काम कर रही, आंकड़े मुहर लगा रहे.'

Advertisement - Scroll to continue

आंकड़े लगा रहे रणनीति पर मुहर

बहरहाल यह पहलू काम करता है, जिसकी पुष्टि आंकड़े करते हैं. साल 2026 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई सीरीज  ने दिखाया भी कि जब ब्लंडेल पेसरों के खिलाफ पीछे कीपिंग कर रहे थे, तो इग्लैंड की बैटिंग का औसत 25.36 था. वहीं, जब ब्लंडल ने  पेसरों के खिलाफ चिपक कर कीपिंग की, तो यह औसत 15.26 रह गया. 

मैट हेनरी ने बताई रणनीति की वजह

न्यूजीलैंड पेसर मैट हेनरी ने डिटेल ने बताया कि न्यूजीलैंड ने लंबे समय बाद वेलिंगटन में बेसिन रिजर्व में यह तकनीक क्यों अपनाई. उन्होंने कहा, 'बेसिन में विकेट लेने का एकमात्र तरीका स्टंप्स को खेल में लाना और बोरिंग दिखने के लिए तैयार रहना था. ऑफ स्टंप के बाहर गेंद डालने से कोई मदद नहीं मिलने वाली थी क्योंकि गेंद में ज़्यादा उछाल (कैरी) नहीं था.'  द ओवल में, तेज़ गेंदबाज़ के लगभग 135kph की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करने के बावजूद ब्लंडेल हेनरी के 24 में से ज़्यादातर ओवरों में स्टंप्स के पास खड़े रहे. पहली पारी में हेनरी के पांच विकेटों (फाइव-फॉर) में से सभी पांच विकेट तब आए जब ब्लंडेल आगे खड़े थे.पूर्व स्टंपर चंद्रकांत पंडित के लिए यह सराहना के योग्य है. 

चंद्रकांत पंडित ने इस पर कहा कि 'इस तरह की रफ़्तार पर आगे खड़े होने के लिए विकेटकीपर में बहुत साहस होना चाहिए. इसका मतलब है कि उसे अपनी काबिलियत पर भरोसा है और वह निडर है. बेहतर सुरक्षा उपकरणों ने इसमें मदद की है. अब आपके पास हेलमेट हैं. मुझे याद नहीं कि हम कीपिंग करते समय हेलमेट पहनते थे, भले ही पिच टर्निंग हो या खराब। आज सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता बहुत बेहतर है। लेकिन अकेले उपकरण आपको साहस नहीं दे सकते. आपको फिर भी यह विश्वास होना चाहिए कि आप यह कर सकते हैं.'  पंडित को याद है कि सुनील गावस्कर ने एक बार घरेलू क्रिकेट में उनसे राजू कुलकर्णी के ख़िलाफ़ स्टंप्स के पास खड़े होने के लिए कहा था. वे हंसते हुए कहते हैं, 'मुझे पसीना आने लगा था.'