IPS दीपाली मासिरकर को ONGC में बड़ी ज‍िम्‍मेदारी, महाराष्‍ट्र के छोटे गांव से भरी कामयाबी की ऊंची उड़ान

2008 बैच की IPS अधिकारी दीपाली आर. मासिरकर ने ONGC में Executive Director-Chief Security का कार्यभार संभाल लिया है. नागपुर की रहने वाली मासिरकर नागालैंड कैडर, महाराष्ट्र पुलिस, चुनाव आयोग और जनजातीय कार्य मंत्रालय में अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं. अब वह ONGC की सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करेंगी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
ips deepali r masirkar takes charge as ongc executive director chief security
Social Media
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दीपाली आर. मासिरकर को 28 अक्टूबर 2026 को ONGC में कार्यकारी निदेशक-मुख्य सुरक्षा के पद पर नियुक्त किया गया है
  • दीपाली आर. मासिरकर भारतीय पुलिस सेवा की 2008 बैच की अधिकारी हैं और नागालैंड कैडर से संबंधित रही हैं
  • नागपुर-मुंबई में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के पदों पर कानून-व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाई है

IPS Deepali R Masirkar: देश की सबसे बड़ी ऊर्जा कंपनियों में शामिल ONGC को नया सुरक्षा नेतृत्व मिल गया है. कंपनी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 2008 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी दीपाली आर. मासिरकर ने 28 अक्टूबर 2026 को कार्यकारी निदेशक-मुख्य सुरक्षा के पद का कार्यभार संभाल लिया है. कंपनी ने उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके व्यापक प्रशासनिक, पुलिसिंग और सुरक्षा प्रबंधन अनुभव का लाभ ONGC को मिलेगा.

दीपाली आर. मासिरकर भारतीय पुलिस सेवा की 2008 बैच की अधिकारी हैं और नागालैंड कैडर से संबद्ध रही हैं. कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रशासन, सार्वजनिक नीति और सुशासन के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है. ONGC के अनुसार, उनका अनुभव संगठन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

नागपुर से ONGC तक का प्रेरक सफर

IPS दीपाली आर. मासिरकर मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली हैं. उनका जन्म और बचपन नागपुर में ही बीता है. इसके अलावा उनका पैतृक जुड़ाव महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के कोरपना (आवाळपूर) गांव से भी है. एक साधारण परिवेश से निकलकर भारतीय पुलिस सेवा में उच्च जिम्मेदारियों तक पहुंचने और अब देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी में शीर्ष सुरक्षा पद संभालने तक का उनका सफर प्रेरणादायक माना जाता है.

शानदार शैक्षणिक पृष्ठभूमि

दीपाली आर. मासिरकर ने हैदराबाद के सेंट फ्रांसिस कॉलेज, मुंबई विश्वविद्यालय तथा विश्व के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से शिक्षा प्राप्त की है. उनके पास विज्ञान और कानून की डिग्रियां हैं. इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल पॉलिटिकल इकोनॉमी विषय में मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री भी हासिल की है.

Advertisement

पुलिस सेवा में निभाईं कई अहम जिम्मेदारियां

अपने पुलिस करियर के दौरान दीपाली आर. मासिरकर ने नागालैंड में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल के पद तक पहुंचीं. इसके अलावा महाराष्ट्र में उन्होंने नागपुर और मुंबई में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस  के रूप में भी सेवा दी. इन पदों पर रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक मामलों की जांच, आर्थिक अपराधों पर कार्रवाई तथा साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. सुरक्षा और प्रशासनिक नेतृत्व के क्षेत्र में उनकी पहचान एक अनुभवी अधिकारी के रूप में रही है. 

IPS दीपाली आर. मासिरकर मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली हैं.  Photo Credit: ONGC

चुनाव आयोग और मंत्रालय में भी छोड़ी छाप

पुलिस सेवा के अलावा दीपाली आर. मासिरकर ने भारत निर्वाचन आयोग में निदेशक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस दौरान उन्होंने चुनावी योजना, सुगम एवं समावेशी मतदान व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने से जुड़े कार्यों में योगदान दिया. वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों के सफल संचालन में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही. ONGC में नियुक्ति से पहले वह जनजातीय कार्य मंत्रालय में निदेशक के पद पर कार्यरत थीं. यहां उन्होंने आदिवासी समुदायों के विकास से संबंधित कई प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी की.

Advertisement

ONGC की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

ONGC का मानना है कि परिचालन विशेषज्ञता, प्रशासनिक अनुभव और संस्थागत शासन की गहरी समझ रखने वाली दीपाली आर. मासिरकर कंपनी की सुरक्षा संरचना को और अधिक मजबूत बनाएंगी. साथ ही कर्मचारियों, परिसंपत्तियों और देश के महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी. कंपनी ने उनके सफल एवं प्रभावशाली कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के मिशन में उनका अनुभव महत्वपूर्ण योगदान देगा.

यह भी पढ़ें- IAS ने अपने ड्राइवर को दी शानदार विदाई, र‍िटायरमेंट पर खुद गाड़ी चलाकर पहुंचाया घर 

Featured Video Of The Day
जन-महाभियोग मंच से खरगे का वार, सरकार पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
Topics mentioned in this article
IPS
Maharashtra
ONGC

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं