- गुजरात सरकार ने मेहसाणा, आनंद और वाव-थराद जिलों के नए कलेक्टर नियुक्त किए हैं
- कई जिलों में जिला विकास अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई है
- जी.टी. पंड्या को गांधीनगर में सूचना निदेशक और आलोक कुमार पांडेय को राहत आयुक्त एवं राजस्व सचिव
IAS Transfer Gujarat: गुजरात सरकार ने शुक्रवार रात को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 17 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस बदलाव में मेहसाणा, आनंद और वाव-थराद जिलों को नए कलेक्टर मिले हैं, जबकि कई जिलों में जिला विकास अधिकारियों (डीडीओ) की भी नई तैनाती की गई है. सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने इस संबंध में आदेश जारी किए. गुजरात आईएएस तबादला सूची में राजस्व, गृह, शिक्षा, ग्रामीण विकास, उद्योग एवं खनन तथा खेल विभाग के अधिकारी शामिल हैं. कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं.
जी.टी. पंड्या को गांधीनगर में सूचना निदेशक
शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत जी.टी. पंड्या को गांधीनगर में सूचना निदेशक नियुक्त किया गया है. वहीं जनजातीय विकास विभाग के सचिव आलोक कुमार पांडेय को राहत आयुक्त और राजस्व विभाग में पदेन सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसके साथ ही यह जिम्मेदारी गौरांगभाई मकवाणा से वापस ले ली गई है. यूजीवीसीएल, मेहसाणा के प्रबंध निदेशक गौरांगभाई मकवाणा को अब इंडेक्स-टीबी, गांधीनगर के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
मेहसाणा, आनंद और वाव-थराद को नए कलेक्टर
मेहसाणा के कलेक्टर एस.के. प्रजापति को गांधीनगर में अतिरिक्त ग्रामीण विकास आयुक्त बनाया गया है. उनकी जगह गृह विभाग में कानून एवं व्यवस्था शाखा के अतिरिक्त सचिव हर्षित पृथ्वीराज गोसावी को मेहसाणा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है. आनंद के कलेक्टर प्रवीण चौधरी को उद्योग एवं खनन विभाग में स्थानांतरित कर धुलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (एसआईआर) और मांडल-बेचराजी एसआईआर परियोजनाओं का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है. उनकी जगह कच्छ-भुज के जिला विकास अधिकारी उत्सव गौतम को आनंद का नया कलेक्टर बनाया गया है. बनासकांठा-पालनपुर के डीडीओ एम.जे. दवे को नवगठित वाव-थराद जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है.
कई जिलों में बदले गए डीडीओ
- गुजरात के छोटा उदयपुर के डीडीओ सचिन कुमार को गांधीनगर में गृह विभाग की कानून एवं व्यवस्था शाखा में उप सचिव बनाया गया है. उनके स्थान पर ओंकार राजेंद्र शिंदे को छोटाउदेपुर का नया डीडीओ नियुक्त किया गया है.
- महिसागर में ट्राइबल एरिया सब प्लान के परियोजना प्रशासक वंदना मीणा को वलसाड का डीडीओ बनाया गया है. वहीं तापी जिले के सोंगढ़ में तैनात राजेश कुमार मौर्य को अमरेली का डीडीओ नियुक्त किया गया है.
- नवसारी जिले के वांसदा में कार्यरत स्वप्निल महादेव सिसले को तापी का डीडीओ बनाया गया है. वलसाड के डीडीओ अतिराग चैपलोट को कच्छ-भुज भेजा गया है, जबकि तापी के डीडीओ राम निवास बुगालिया अब बनासकांठा-पालनपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे.
प्रशिक्षण और खेल संस्थानों में भी बदलाव
अहमदाबाद स्थित सरदार पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (एसपीआईपीए) के उप महानिदेशक सी.सी. कोटक को राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (एसआईआरडी) में विशेष निदेशक नियुक्त किया गया है. वहीं गुजरात गैस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक बी.एन. पटेल को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात का महानिदेशक बनाया गया है. सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल से राज्य के कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में नई प्रशासनिक टीमों की तैनाती हो गई है, जिससे शासन-प्रशासन में नई जिम्मेदारियों का बंटवारा और कार्य व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा.
गुजरात सरकार ने किस आईएएस को कहां लगाया?
- आलोक कुमार पांडेय (आईएएस, 2006 बैच), सचिव, जनजातीय विकास विभाग को राहत आयुक्त एवं राजस्व विभाग में पदेन सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
- जी.टी. पंड्या (आईएएस, 2011 बैच), अतिरिक्त सचिव, शिक्षा विभाग को निदेशक सूचना, गांधीनगर नियुक्त किया गया है.
- गौरांगभाई एच. मकवाणा (आईएएस, 2012 बैच), प्रबंध निदेशक, उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल), मेहसाणा को इंडेक्स-टीबी, गांधीनगर के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
- एस.के. प्रजापति (आईएएस, एससीएस-2012 बैच), कलेक्टर, मेहसाणा को अतिरिक्त ग्रामीण विकास आयुक्त, गांधीनगर बनाया गया है.
- डॉ. हर्षित पृथ्वीराज गोसावी (आईएएस, 2013 बैच), अतिरिक्त सचिव (कानून एवं व्यवस्था), गृह विभाग को मेहसाणा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है.
- प्रवीण चौधरी (आईएएस, 2014 बैच), कलेक्टर, आनंद को धोलेरा एसआईआर एवं मांडल-बेचराजी एसआईआर परियोजनाओं का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है.
- एम.जे. दवे (आईएएस, एससीएस-2014 बैच), जिला विकास अधिकारी, बनासकांठा-पालनपुर को वाव-थराद का कलेक्टर नियुक्त किया गया है.
- उत्सव गौतम (आईएएस, 2018 बैच), जिला विकास अधिकारी, कच्छ-भुज को आनंद का नया कलेक्टर बनाया गया है.
- सी.सी. कोटक (आईएएस, एससीएस-2018 बैच), उप महानिदेशक, सरदार पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (SPIPA), अहमदाबाद को राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (SIRD), अहमदाबाद का विशेष निदेशक नियुक्त किया गया है.
- राम निवास बुगालिया (आईएएस, 2019 बैच), जिला विकास अधिकारी, तापी को जिला विकास अधिकारी, बनासकांठा-पालनपुर बनाया गया है.
- अतिराग चैपलोट (आईएएस, 2019 बैच), जिला विकास अधिकारी, वलसाड को जिला विकास अधिकारी, कच्छ-भुज नियुक्त किया गया है.
- सचिन कुमार (आईएएस, 2019 बैच), जिला विकास अधिकारी, छोटा उदयपुर को उप सचिव (कानून एवं व्यवस्था), गृह विभाग, गांधीनगर बनाया गया है.
- वंदना मीणा (आईएएस, 2022 बैच), परियोजना प्रशासक, ट्राइबल एरिया सब प्लान, महिसागर को जिला विकास अधिकारी, वलसाड नियुक्त किया गया है.
- राजेश कुमार मौर्य (आईएएस, 2022 बैच), परियोजना प्रशासक, ट्राइबल एरिया सब प्लान, सोंगढ़ (तापी) को जिला विकास अधिकारी, अमरेली बनाया गया है.
- स्वप्निल महादेव सिसले (आईएएस, 2022 बैच), परियोजना प्रशासक, ट्राइबल एरिया सब प्लान, वांसदा (नवसारी) को जिला विकास अधिकारी, तापी नियुक्त किया गया है.
- ओंकार राजेंद्र शिंदे (आईएएस, 2022 बैच), परियोजना प्रशासक, ट्राइबल एरिया सब प्लान, छोटाउदेपुर को जिला विकास अधिकारी, छोटाउदेपुर बनाया गया है.
- बी.एन. पटेल (आईएएस, एससीएस-2022 बैच), कार्यकारी निदेशक, गुजरात गैस लिमिटेड को महानिदेशक, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात नियुक्त किया गया है.
नए कलेक्टर
- मेहसाणा : डॉ. हर्षित पृथ्वीराज गोसावी (2013 बैच)
- आनंद : उत्सव गौतम (2018 बैच)
- वाव-थराद : एम.जे. दवे (एससीएस-2014 बैच)
यह भी पढ़ें- IPS Transfer: दिल्ली पुलिस में 25 अफसरों के तबादले, DCP स्पेशल सेल से हटे प्रवीण त्रिपाठी, देखें पूरी सूची
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं