अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. मल्टीस्टारर इस फिल्म में कॉमेडी, एक्शन, रोमांच और ड्रामा का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है. फिल्म की सबसे इमोशनल बात ये है कि कुछ ही समय पहले अलविदा कह गए पंकज धीर भी इसमें नजर आते हैं. उनका रोल भले ही छोटा हो, लेकिन स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए खास पल बन जाती है. खासकर 'महाभारत' के कर्ण के रूप में उन्हें चाहने वाले फैंस के लिए ये फिल्म उनकी आखिरी सिनेमाई झलक साबित हुई है.
पंकज धीर ने छोटे-छोटे रोल से बनाई थी बड़ी पहचान
पंकज धीर का जन्म 9 नवंबर 1956 को हुआ था. उन्होंने 1981 में फिल्म 'पूनम' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की. हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में छोटे लेकिन उम्दा किरदार निभाए. असली पहचान उन्हें बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी शो 'महाभारत' में कर्ण के किरदार से मिली. दिलचस्प बात ये है कि उन्हें पहले अर्जुन की भूमिका के लिए चुना गया था. लेकिन मूंछें न कटवाने के फैसले के कारण उन्हें कर्ण का रोल मिला और वही किरदार उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गया.
ये भी पढ़ें: पंचायत के सचिव जी का मिर्जापुर के पोस्टर में भौकाल, फुलेरा का सीधा-सादा अभिषेक बना बंदूकबाज बबलू पंडित
इसके बाद उन्होंने 'चंद्रकांता', 'द ग्रेट मराठा', 'युग' और 'बढ़ो बहू' जैसे टीवी शोज में काम किया. फिल्मों में भी उन्होंने 'सड़क', 'सोल्जर', 'बादशाह' और 'टार्जन: द वंडर कार' जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं. 15 अक्टूबर 2025 को कैंसर के कारण 68 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया.
'वेलकम टू द जंगल' में क्या है पंकज धीर का रोल?
'वेलकम टू द जंगल' में पंकज धीर एक आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आते हैं. उनका स्क्रीन टाइम ज्यादा नहीं है. लेकिन उनकी एंट्री बेहद जानदार रखी गई है. फिल्म में उनकी मौजूदगी महाभारत के कर्ण की याद ताजा कर देती है. खास बात ये है कि उनकी एंट्री दुर्योधन का किरदार निभाने वाले पुनीत इस्सर और अर्जुन का किरदार निभाने वाले फिरोज खान के साथ होती है. तीनों कलाकारों को एक साथ देखकर पुराने दौर के दर्शकों के लिए ये पल बेहद खास बन जाता है.