बुधवार को 'वेलकम टू द जंगल' का हासिल किया बड़ा मुकाम, 32 एक्टर्स की फिल्म अब तक कमा चुकी है इतने करोड़

अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा पहले हफ्ते में भी बरकरार है. फिल्म 90 करोड़ रुपए के नेट क्लब में एंट्री करने के बेहद करीब पहुंच गई है. अब सबकी नजर 'अल्फा' की रिलीज के बाद इसके दूसरे हफ्ते की कमाई पर है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
90 करोड़ क्लब के करीब 'वेलकम टू द जंगल'
NDTV

अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर लोगों का क्रेज अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा. वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद फिल्म वीकडेज में भी करोड़ों रुपए समेट रही है. कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन फिल्म का जलवा अब भी बरकरार है. यही वजह है कि रिलीज के पहले हफ्ते में ही 'वेलकम टू द जंगल' 90 करोड़ रुपए के नेट क्लब का दरवाजा खटखटाने लगी है. अब सबकी नजर पहले हफ्ते के फाइनल कलेक्शन पर टिकी है. साथ ही ये भी देखना दिलचस्प होगा कि शुक्रवार को रिलीज हो रही 'अल्फा' के आने के बाद फिल्म अपनी मजबूत पकड़ बनाए रख पाती है या नहीं.

ये भी पढ़ें: Exclusive: आमिर खान और गौरी की 5 जुलाई की शादी के डिटेल्स, जानें वेन्यू और कौन हैं गेस्ट

छठे दिन कमाई में आई गिरावट, लेकिन रफ्तार नहीं रुकी

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के छठे दिन भारत में 6.15 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया. ये आंकड़ा पांचवें दिन के 9.25 करोड़ रुपए के मुकाबले करीब 30 फीसदी कम है. हालांकि इस गिरावट के बावजूद फिल्म की कुल कमाई लगातार बढ़ती रही. छह दिनों में फिल्म 87.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर चुकी थी. इसके साथ इसका कुल नेट कलेक्शन करीब 88.28 करोड़ रुपए पहुंच गया है. उम्मीद है कि पहले हफ्ते का फाइनल आंकड़ा 90 करोड़ रुपए के पार रहेगा.

पहले वीकेंड में दिखाया पूरा दम

फिल्म ने पेड प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपए की कमाई के साथ शुरुआत की थी. इसके बाद पहले दिन 15.25 करोड़, दूसरे दिन 20.10 करोड़ और तीसरे दिन 24.75 करोड़ रुपए का शानदार कारोबार किया. सिर्फ पहले वीकेंड में ही फिल्म ने 63.75 करोड़ रुपए अपने नाम कर लिए. सोमवार को कमाई घटकर 8.50 करोड़ रुपए रह गई, जबकि मंगलवार को हल्की बढ़त के साथ 9.25 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ. बुधवार को कलेक्शन में गिरावट आई, लेकिन फिल्म की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है.

दुनियाभर में भी मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स

Advertisement

भारत के अलावा विदेशों में भी 'वेलकम टू द जंगल' अच्छा प्रदर्शन कर रही है. छह दिनों में फिल्म का भारत ग्रॉस कलेक्शन 104 करोड़ रुपए से ज्यादा हो चुका है. वहीं ओवरसीज मार्केट से भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है. इसी के साथ इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 129 करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है. इससे साफ है कि फिल्म को देश ही नहीं, विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा साथ मिल रहा है.

अब 'अल्फा' से होगा असली मुकाबला

अब 'वेलकम टू द जंगल' के सामने नई चुनौती आने वाली है. शुक्रवार को आलिया भट्ट, बॉबी देओल और शरवरी स्टारर 'अल्फा' सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. माना जा रहा है कि नई रिलीज के बाद 'वेलकम टू द जंगल' के शो और स्क्रीन शेयर में कमी आ सकती है. इसका असर दूसरे हफ्ते की कमाई पर भी देखने को मिल सकता है. हालांकि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, परेश रावल, अरशद वारसी और रवीना टंडन समेत 30 से ज्यादा सितारों से सजी इस फिल्म ने पहले हफ्ते में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया-चेतन ने पहले किया 'मर्डर रिहर्सल'? पुलिस जांच में बड़ा दावा
Topics mentioned in this article
Welcome To Jungle
Welcome To Jungle Box Office
Welcome To The Jungle  box Office Collection
Welcome To The Jungle  cast
Bollywood