अमिताभ बच्चन को पहला फिल्मी गाना गवाने वाला था ये शख्स, भाई-भतीजा हैं बॉलीवुड के सुपरस्टार, खुद चुनी अलग राह 

अमिताभ बच्चन को पहला फिल्मी गाना गवाने वाले राजेश रोशन पांच दशक से संगीत के दम पर बॉलीवुड पर राज कर रहे हैं. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
अमिताभ बच्चन को पहला फिल्मी गाना गवाने वाले राजेश रोशन
नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में जब भी मधुर संगीत और यादगार गीतों की बात होती है, तो राजेश रोशन का नाम जरूर लिया जाता है. उन्होंने अपने संगीत से फिल्मों को खास बनाया. साथ ही कई कलाकारों के करियर में भी अहम भूमिका निभाई. बहुत कम लोग जानते हैं कि हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन को पहली बार फिल्म में गाना गाने का मौका भी राजेश रोशन ने ही दिया था. पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने रोमांटिक गानों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. 

भाई भतीजा हैं सुपरस्टार

राजेश रोशन का जन्म 24 मई 1955 को मुंबई में हुआ था. उनका पूरा नाम राजेश रोशनलाल नागरथ है. वह मशहूर संगीतकार रोशनलाल नागरथ के बेटे हैं. उनके बड़े भाई राकेश रोशन हिंदी सिनेमा के सफल अभिनेता, निर्माता और निर्देशक हैं, जबकि ऋतिक रोशन उनके भतीजे हैं. राजेश रोशन जब केवल 12 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था. पिता के जाने के बाद परिवार पर मुश्किल समय आया, लेकिन उनकी मां इरा रोशन ने बच्चों को संभाला और संगीत से उनका रिश्ता बनाए रखा.

ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार का प्रैंक बना आफत, होटल से चोरी करने का एक्ट्रेस पर लगा आरोप, सिक्योरिटी ने पकड़ा तो रोने लगीं

सरकारी नौकरी करना चाहते थे राजेश रोशन

शुरुआत में राजेश रोशन का सपना संगीतकार बनने का नहीं था. वह सरकारी नौकरी करना चाहते थे लेकिन उनकी मां संगीत सीखने के लिए उस्ताद फैयाज अहमद खान के पास जाया करती थीं और राजेश भी उनके साथ जाते थे. धीरे-धीरे संगीत में उनकी रुचि बढ़ने लगी. बाद में उन्होंने संगीत की शिक्षा गंभीरता से ली और मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के साथ सहायक के तौर पर काम करना शुरू किया. करीब पांच साल तक उनके साथ काम करके राजेश रोशन ने संगीत की बारीकियां सीखीं. 

Advertisement

1975 में बदली किस्मत

बतौर संगीतकार राजेश रोशन ने अपने करियर की शुरुआत साल 1974 में फिल्म 'कुंवारा बाप' से की. इस फिल्म का गाना 'सज रही गली' काफी पसंद किया गया. हालांकि उन्हें असली पहचान 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'जूली' से मिली. इस फिल्म के गाने 'दिल क्या करे', 'ये रातें नई पुरानी' और 'माई हार्ट इज बीटिंग' आज भी लोगों की जुबान पर हैं. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. राजेश रोशन ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया. 'देश परदेस', 'मिस्टर नटवरलाल', 'काला पत्थर', 'कामचोर', 'करण अर्जुन', 'कहो ना... प्यार है', 'कोई... मिल गया' और 'कृष' जैसी फिल्मों में उनका संगीत बेहद लोकप्रिय हुआ. उनके गानों को हर उम्र के लोग पसंद करते थे. 

अमिताभ बच्चन को पहली बार गवाया गाना

राजेश रोशन से जुड़ा सबसे दिलचस्प किस्सा अमिताभ बच्चन से जुड़ा है. साल 1979 में फिल्म 'मिस्टर नटवरलाल' बन रही थी. उसी दौरान राजेश रोशन ने अमिताभ बच्चन से एक गाना गाने की बात कही. अमिताभ ने इससे पहले कभी फिल्मों में गाना नहीं गाया था. राजेश रोशन ने उनसे 'मेरे पास आओ मेरे दोस्तों' गवाया. यह गाना बच्चों और बड़ों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ. इसके बाद अमिताभ बच्चन ने कई फिल्मों में अपनी आवाज दी, लेकिन उनके फिल्मी गायन की शुरुआत राजेश रोशन की वजह से ही हुई थी.

Advertisement

भतीजे की डेब्यू फिल्म में दिए गाने

राजेश रोशन ने अपने लंबे करियर में दो बार फिल्मफेयर बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर अवॉर्ड जीता. पहला अवॉर्ड उन्हें 'जूली' के लिए मिला और दूसरा 'कहो ना... प्यार है' के लिए. इस फिल्म ने उनके भतीजे ऋतिक रोशन को रातोंरात सुपरस्टार बना दिया था. राजेश रोशन ने करीब 125 से ज्यादा फिल्मों में संगीत दिया और बॉलीवुड को अनगिनत यादगार गीत दिए. 

ये भी पढ़ें- Aishwarya Rai Cannes Day 2: जलपरी के बाद लेडी बॉस अवतार, स्टनिंग लुक पर फैंस बोले - नजरें नहीं हट रही

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Hamza Burhan Killed: आतंकी हमजा बुरहान के जनाजे में दिखा मोस्ट वांटेंड टेररिस्ट सैयद सलाहुद्दीन
Topics mentioned in this article