हॉलीवुड में कई सितारे ऐसे रहे हैं, जिन्होंने कम उम्र में बड़ी कामयाबी हासिल की, लेकिन निजी जिंदगी की मुश्किलों ने सब कुछ बदल दिया. ऐसी ही एक कहानी है 'द रिंग' और 'लिलो एंड स्टिच' से दुनियाभर में पहचान बनाने वाली डेवे चेस की. कभी बड़े पर्दे की चर्चित एक्ट्रेस रहीं डेवे पिछले कई सालों से लोगों की नजरों से दूर थीं. परिवार से रिश्ता टूट गया, एक्टिंग छूट गई और जिंदगी बेघर होकर गुजरने लगी. 16 जून को उनका निधन हो गया था. अब उनकी मौत की वजह का खुलासा हुआ है, जिसने उनके फैंस को एक बार फिर झकझोर दिया है.
मौत के बाद सामने आई वजह
डेवे चेस का निधन 16 जून 2026 को हुआ था, लेकिन उस समय मौत की वजह साफ नहीं बताई गई थी. अब लॉस एंजिल्स कोरोनर ऑफिस ने पुष्टि की है कि उनकी मौत की मुख्य वजह एड्स (AIDS) थी. वह बैक्टीरियल मेनिन्जाइटिस, सेप्टिक शॉक और शरीर में फैले गंभीर संक्रमण से भी जूझ रही थीं. लंबे समय से कई तरह के नशीले पदार्थों का सेवन भी उनकी बिगड़ती सेहत की एक वजह माना गया है.
हॉलीवुड की चमक से सड़कों तक का सफर
डेवे चेस ने बहुत कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में पहचान बना ली थी. 'द रिंग' में समारा मॉर्गन का डरावना किरदार और 'लिलो एंड स्टिच' फ्रेंचाइजी में वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर उनका काम आज भी याद किया जाता है. उन्होंने 'डॉनी डार्को', 'एस. डार्को' और कई टीवी शोज में भी काम किया. लेकिन 2016 के बाद वह अचानक सार्वजनिक जिंदगी से गायब हो गईं.
उनके पूर्व मैनेजर के मुताबिक, एक फिल्म की मीटिंग में न पहुंचने के बाद उन्होंने न मैनेजर से संपर्क किया और न ही अपने परिवार से. बाद के वर्षों में उनका नाम चोरी की गाड़ी में मिलने, ड्रग्स रखने और दूसरे कानूनी मामलों में भी सामने आया. परिवार के मुताबिक, वह लंबे समय तक बेघर रहीं और नशे की लत से जूझती रहीं.
बॉयफ्रेंड का भावुक संदेश और अधूरी रह गई जिंदगी
डेवे की मौत से पहले उनके बॉयफ्रेंड रॉय हर्नांडेज ने इलाज के खर्च के लिए एक क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया था. उन्होंने लिखा कि डेवे का बचपन मुश्किलों से भरा था, परिवार से रिश्ते टूट चुके थे और वह सुरक्षित जिंदगी की तलाश में लगातार संघर्ष करती रहीं. रॉय ने कहा कि उन्होंने डेवे से वादा किया था कि वह उन्हें वह प्यार और सुकून देंगे, जिसकी वह हकदार थीं.
डेवे चेस की कहानी सिर्फ एक सफल एक्ट्रेस के अचानक गायब हो जाने की नहीं है, बल्कि यह भी दिखाती है कि शोहरत हमेशा खुशहाल जिंदगी की गारंटी नहीं होती. पर्दे पर करोड़ों लोगों का दिल जीतने वाली यह कलाकार आखिर में बीमारी, अकेलेपन और निजी संघर्षों से लड़ते हुए दुनिया को अलविदा कह गई.