टीवी का मशहूर सीरियल 'भाभी जी घर पर हैं' आपने कभी ना कभी तो जरूर देखा होगा. टीवी के इस शो को लोगों ने खूब पसंद किया. कुछ साल पहले इस शो से जुड़ा एक बड़ा विवाद भी सामने आया था. जिसमें इस शो की लीड एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने शो के प्रोड्यूसर पर यौन शोषण का आरोप लगाया था. अब इतने सालों बाद शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. शो में 'अंगूरी भाभी' के किरदार से लोगों के दिलों में राज करने वालीं शिल्पा शिंदे ने अपने करियर के एक पुराने और विवादित दौर पर खुलकर बात की है.
हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में शिल्पा ने बताया कि शो छोड़ने के दौरान उन्होंने प्रोड्यूसर पर भी सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया था वह बिल्कुल झूठ था. इसके अलावा शिल्पा ने इंटरव्यू के दौरान और भी कई बातें बताई. ़
पॉडकास्ट में किया बड़ा खुलासा
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा ने लीगल लड़ाई और अपने इमोशनल ब्रेकडाउन पर खुलकर बातचीत की. बातचीत के दौरान शिल्पा ने बताया कि उनके सामने एक समय आया जब उन्हें यह महसूस होने लगा था कि वह काफी बुरी तरह से फंस चुकी हैं और उनके पास लड़ाई लड़ने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है. शिल्पा ने कहा, इसी वजह से उन्होंने अपने प्रोड्यूसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और मामला खत्म हो गया.
आरोपों को लेकर शिल्पा ने कही ये बात
शिल्पा ने पहली बार टीवी में सबके सामने यह स्वीकार किया कि उन्होंने इस समय जो भी आरोप लगाए थे वो सच नहीं थे. शिल्पा ने कहा, "मैं आज बोल रही हूं कि वो सब झूठ था. मैं आज पहली बार यह बता रही हूं". हालांकि इस आरोप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और शिल्पा की सभी पेंडिंग पेमेंट क्लियर कर दी गई थी.
शो से हटाए जाने का भी किया जिक्र
शिल्पा ने बताया कि उन्हें अचानक बताया गया कि उनकी आगे की शूटिंग नहीं होगी. बाद में उन्होंने खबरों के जरिए जाना कि उन्हें शो से हटा दिया गया है. उनके मुताबिक, इसके बाद उन्हें करोड़ों रुपये के लीगल नोटिस भी मिले, जिससे उन पर काफी मानसिक दबाव बढ़ गया.
शिल्पा ने बताया अब कैसे हैं रिश्ते
हालांकि, समय के साथ स्थिति पूरी तरह से बदल गईं. शिल्पा ने बताया कि बाद में उन्होंने टीम के कुछ सदस्यों के साथ फिर से काम किया और अब उनके रिश्ते पहले की तुलना में काफी बेहतर हैं. उन्होंने कहा कि पुराने मतभेद अब पीछे छूट चुके हैं और आज उनके संबंध अच्छे हैं.