'मदद के नाम पर थमाए पैसे, फिर लिए वापस', छलका शरद कपूर का दर्द, बोले- अब किसी से नहीं मिलूंगा

शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में नजर आ चुके शरद कपूर ने खुलासा किया है कि कुछ लोग मदद के नाम पर उन्हें पैसे देते हैं, वीडियो बनाते हैं और फिर रकम वापस ले लेते हैं. इस घटना से आहत अभिनेता ने अब किसी से नहीं मिलने का फैसला किया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
जोश एक्टर शरद कपूर का छलका दर्द

शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जोश' में नजर आ चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और खराब सेहत को लेकर चर्चा में हैं. कुछ दिनों पहले उन्होंने अपनी आर्थिक परेशानियों और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का जिक्र करते हुए फिल्म इंडस्ट्री से काम और मदद की अपील की थी. इसके बाद अभिनेता सोनू सूद ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया. लेकिन अब शरद कपूर ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने उन्हें लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. अभिनेता का आरोप है कि कुछ लोग मदद करने का दिखावा करते हैं. वे कैमरे के सामने उन्हें पैसे देते हैं, वीडियो बनाते हैं और फिर शूटिंग पूरी होने के बाद वही रकम वापस ले लेते हैं. इस व्यवहार से आहत शरद ने अब लोगों से दूरी बनाने का फैसला किया है.

छलका शरद कपूर का दर्द

मंगलवार को शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने साथ हुए अनुभवों को लेकर नाराजगी जाहिर की. अभिनेता ने बताया कि कुछ लोग मदद के इरादे से उनके पास पहुंचते हैं, लेकिन उनका मकसद सहायता करना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करना होता है. वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए उन्हें पैसे दिए जाते हैं और फिर कैमरा बंद होते ही रकम वापस मांग ली जाती है.

इस तरह की घटनाओं से दुखी अभिनेता ने साफ कहा कि अब वह किसी से मुलाकात नहीं करना चाहते. वीडियो में उन्होंने हाथ जोड़कर फिल्म इंडस्ट्री, अपने चाहने वालों और मदद के लिए आगे आए लोगों का आभार भी जताया. शरद ने कहा कि लोगों से मिले प्यार ने उन्हें भावुक कर दिया है और कई बार उनकी आंखों से आंसू निकल आते हैं.

Advertisement

उन्होंने अपने चार बेजुबान बच्चों का जिक्र करते हुए बताया कि वे फिलहाल शेल्टर में हैं और वहां मौजूद दूसरे जानवर भी उनके लिए अपने बच्चों जैसे ही हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर उनके नाम से जो कुछ दिखाया जा रहा है, उसे लेकर वह काफी परेशान हैं. अभिनेता ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कौन वास्तव में मदद कर रहा है और कौन सिर्फ दिखावा कर रहा है.

जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क करें

शरद कपूर ने वीडियो में उन लोगों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई, जो बार-बार उनसे कैमरे के सामने पैसे लेने या पकड़ने के लिए कहते हैं. उन्होंने कहा कि जब वह मना करते हैं, तब भी कुछ लोग उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर करने की कोशिश करते हैं. अभिनेता के मुताबिक, यह व्यवहार बेहद अनुचित है.

Advertisement

उन्होंने अपील की कि अगर किसी को उनकी मदद करनी है या उनसे जुड़ी कोई बात करनी है तो सीधे उनसे या उनकी दोस्त हेमा चौधरी से फोन पर संपर्क किया जा सकता है. वहीं, बेजुबान ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने भी लोगों से शरद को सोशल मीडिया वीडियो और डोनेशन रील बनाने के लिए परेशान न करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस समय अभिनेता को दिखावे से ज्यादा मेडिकल केयर, आराम और निजी जिंदगी में सुकून की जरूरत है.

शरद कपूर के नाम पर फर्जी डोनेशन अकाउंट से सावधान

इस बीच बेजुबान ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर एक जरूरी सूचना जारी कर लोगों को धोखाधड़ी से सतर्क किया है. ट्रस्ट के मुताबिक, कुछ लोग शरद कपूर और संगठन के नाम का इस्तेमाल करके फर्जी फंडरेजिंग अकाउंट चला रहे हैं और डोनेशन के नाम पर लोगों से पैसे मांग रहे हैं. संगठन ने स्पष्ट किया है कि इन अकाउंट्स का शरद कपूर या बेजुबान ट्रस्ट से कोई संबंध नहीं है. ऐसे किसी भी अकाउंट पर भरोसा करके पैसे ट्रांसफर न करने की अपील की गई है.

इन फिल्मों में नजर आ चुके हैं शरद कपूर

शरद कपूर 90 के दशक में हिंदी फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं. उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत' से की थी. इसके बाद वह ‘हम भी', ‘दस्तक', ‘तमन्ना', ‘इसकी टोपी उसके सिर', ‘त्रिशक्ति' और ‘खौफ' जैसी फिल्मों में नजर आए. साल 2000 में आई शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की फिल्म ‘जोश' में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. इसके अलावा वह ‘क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता', ‘जानी दुश्मन' और ‘जय हो' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं. उनकी आखिरी फिल्म ‘द गुड महाराजा' बताई जाती है.

ये भी पढ़ें: 39 साल पुराना दूरदर्शन का शो, जिसने भाग्यश्री को दिलाई घर-घर में पहचान, तीन बहनों की कहानी ने जीता था दिल, IMDb रेटिंग आज भी 8.8
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
सूरत में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, टूटा खिड़की का शीशा, RPF ने शुरू की पत्थरबाजों की तलाश
Topics mentioned in this article
Sharad Kapoor
Entertainment
Josh
Bollywood

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं