Comedian Rajpal Yadav Chetak Screen Awards show controversy: हाल ही में मुंबई चेतक स्क्रीन अवॉर्ड हुए. जिसमें शो के होस्ट जाकिर खान और सौरभ द्विवेदी ने कॉमेडियन राजपाल यादव के 6 करोड़ रुपये के कर्ज का मजाक उड़ाया था. उन्होंने डॉलर और रुपये पर बात करते हुए कहा था,'डॉलर या रुपया कितना भी ऊपर-नीचे हो, आपको कर्ज तो उतना ही देना है, जितना बाकी है.' सौरभ द्विवेदी की इस बात पर उस वक्त राजपाल यादव कुछ नहीं बोल सके. हालांकि उनके फैंस और शुभचिंतकों ने सौरभ द्विवेदी को जमकर ट्रोल किया. इसके बाद अब राजपाल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
क्या बोला राजपाल यादव
राजपाल यादव ने वीडियो में बयान जारी कर कहा- 'यह सिनेमा है, सौरभ और जाकिर दोनों मेरे छोटे भाई जैसे हैं. हमेशा उन्होंने सम्मान दिया है. हमारे जिगर हैं. हम लोग कलाकार, पत्रकार, कहानीकार एक-दूसरे से जुड़े होते हैं. सौरभ ने हमारे सम्मान में पूरे ऑडिटोरियम में खड़े होकर ताली बजवाईं, शुक्रिया सौरभ. प्लीज सौरभ की निंदा करके उनका दिल मत दुखाइए. सौरभ का दिल दुखाना मतलब मेरा दिल दुखाना है. आई लव सौरभ, आई लव जाकिर.'
ये भी पढ़ें: प्रकांड पंडित था रावण, लेकिन परदे की रामायण में राम निकले रावण यश से ज्यादा एजुकेटेड, जानें कौन ज्यादा अमीर
क्या था विवाद
आपको बता दें कि चेतक स्क्रीन अवॉर्ड 2026 में राजपाल यादव ने दुनिया में चल रहे युद्ध को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, 'मैं कुछ सोच रहा था कि आजकल बहुत ज्यादा दुनिया में धुंआ ही धुंआ हो रहा है. इतना युद्ध चल रहा है, तो कहां बैठूं कहा सोचू इतना रुपये-डॉलर सब ऊपर-नीचे हो रहा है. कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि बैठा-बैठा, शांति-शांति यही कर रहा है.' राजपाल यादव की इस बात पर सौरभ द्विवेदी ने चुटकी ली. उन्होंने मजाक उड़ाते हुए कहा, 'राजपाल भाई, डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर नीचे हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं.' इसके बाद से यह विवाद खड़ा हुआ है.