संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल 13 फरवरी को जापान में रिलीज होने जा रही है और रिलीज से पहले ही वहां दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. खास स्क्रीनिंग के बाद जापानी दर्शकों से बातचीत के दौरान वांगा और रणबीर कपूर ने फिल्म के एक्शन-हेवी यूनिवर्स और इसके सीक्वल एनिमल पार्क को लेकर अहम जानकारियां साझा कीं. संदीप रेड्डी वांगा ने ‘एनिमल पार्क' की टाइमलाइन और कहानी को लेकर बड़ा खुलासा किया. उन्होंने कहा- “जी, अपनी वर्तमान फिल्म खत्म करने के बाद मैं ‘एनिमल पार्क' पर काम शुरू करूंगा. इसमें और भी ज्यादा ‘एनिमल' (क्रूरता/जानवरपन) देखने को मिलेगा. यह अब दो भाइयों (जो एक जैसे दिखते हैं) के बीच की जंग होगी. इसलिए मुझे लगा कि ‘एनिमल पार्क' इसके लिए सही टाइटल है. अभी के लिए मैं बस इतना कह सकता हूं कि हम 2027 के मध्य तक इसकी शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं.”
रणबीर कपूर ने सीक्वल पर जाहिर की खुशी
रणबीर कपूर, जो फिल्म में रणविजय का किरदार निभाते हैं, ने भी सीक्वल को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की. उन्होंने कहा- “मैं संदीप के साथ सेट पर वापस जाने और इस किरदार (रणविजय) के साथ-साथ दूसरे किरदार (अज़ीज़) को निभाने के लिए और इंतज़ार नहीं कर सकता. जब हम पार्ट-1 की शूटिंग कर रहे थे, तभी संदीप के दिमाग में पार्ट-2 की कहानी एकदम साफ थी. एक एक्टर के तौर पर यह मेरे लिए बहुत प्रेरणादायक है. हम अक्सर आपस में अलग-अलग आइडियाज़ पर चर्चा करते रहते हैं.”
ये भी पढ़ें- धुरंधर ने पुष्पा 2, एनिमल, जवान को छोड़ा पीछे, ओटीटी पर बनीं नंबर, बॉक्स ऑफिस पर भी कमाई है जारी
बॉबी देओल के साथ क्लाइमैक्स फाइट सीन पर कही ये बात
फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स को लेकर रणबीर ने कहा कि एक्शन सेट पीस शूटिंग के सबसे मजेदार हिस्सों में से थे, क्योंकि इतने बड़े और ओरिजिनल एक्शन सीक्वेंस उन्होंने पहले कभी नहीं किए थे. हालांकि, बॉबी देओल के साथ क्लाइमैक्स फाइट सीन उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण रहा. रणबीर ने बताया कि इंग्लैंड में एयरप्लेन टारमैक पर करीब 10 दिन तक बिना शर्ट शूटिंग करनी पड़ी, ठंड में खून और प्रोस्थेटिक के साथ लड़ाई के सीन किए गए, लेकिन वह अनुभव बेहद यादगार रहा.
उन्होंने इंटरवल वाला कुल्हाड़ी फाइट सीन और मोटरसाइकिल मशीन-गन सीक्वेंस को भी खास बताया और कहा कि ऐसे सीन ही असल में एक्शन फिल्मों की पहचान होते हैं. जापान रिलीज के साथ एनिमल का ग्लोबल सफर और तेज होता दिख रहा है, जबकि एनिमल पार्क के जरिए इस फ्रेंचाइज़ी को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी है.