धुरंधर एक्टर रणवीर सिंह के डॉन 3 मामले में नया मोड़ ाया है क्योंकि रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (FWICE) का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है. दरअसल, धुरंधर एक्टर ने फिल्म वर्कर्स बॉडी को उनके खिलाफ किए गए नॉन कॉपरेशन डायरेक्टिव के खिलाफ नोटिस भेजा है. वहीं इस विवाद पर अब FWICE ने 3 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. सोर्स ने एनडीटीवी से कंफर्म किया कि रणवीर सिंह ने 2 जून को कानूनी नोटिस भेजा है, जो FWICE द्वारा लगाए गए बैन के कई दिनों बाद है.
रणवीर सिंह ने भेजा FWICE को भेजा नोटिस
सूत्र के अनुसार, हालांकि रणवीर सिंह द्वारा भेजे गए नोटिस में की गई सटीक मांगें अभी भी साफ नहीं हैं. लेकिन यह कदम बॉलीवुड के सबसे ज्यादा पॉपुलर और बारीकी से देखे जा रहे विवादों में से एक में एक बड़ा मोड़ बन गया है. यह विवाद रणवीर के 'डॉन 3' से कथित तौर पर बाहर होने से जुड़ा है, जिसका निर्देशन और निर्माण फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है.
ये भी पढ़ें- गोलियों की गूंज में कर्तव्य निभाती दिखीं कंगना रनौत, देखें भारत भाग्य विधाता का ट्रेलर
डॉन 3 विवाद क्या है
पूरा मामला फिल्म 'डॉन 3' से जुड़ा हुआ है. इस फिल्म की घोषणा साल 2023 में फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने की थी. फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभाने वाले थे और इसे लोकप्रिय डॉन फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी माना जा रहा था. हालांकि बाद में खबरें सामने आईं कि रणवीर सिंह ने फिल्म से खुद को अलग कर लिया है. इसके बाद विवाद शुरू हुआ और मामला अलग-अलग संगठनों तक पहुंच गया.
FWICE ने लगाया बैन
फिल्म निर्माताओं का आरोप है कि फिल्म की तैयारी, प्री-प्रोडक्शन और शेड्यूल में बदलाव के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ऐसे में एफडब्ल्यूआईसीई ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया. फेडरेशन का कहना था कि जब तक मामला नहीं सुलझता, तब तक उससे जुड़े सदस्य रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे. हालांकि इस फैसले को लेकर इंडस्ट्री के कई लोगों ने अलग-अलग राय रखी है.
सेलेब्स ने रणवीर सिंह विवाद पर किया सपोर्ट
चंकी पांडे और मनोज बाजपेयी समेत कई सितारों ने उम्मीद जताई कि यह विवाद बातचीत के जरिए जल्द सुलझ जाएगा. जबकि हाल ही में भारत भाग्य विधाता ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान कंगना रनौत ने कहा, ''मुझसे इस विषय पर सवाल पूछना दिलचस्प है. मुझे भी सभी ने बैन किया था. जब आपकी हैसियत बढ़ती है, तो दुश्मन भी बढ़ते हैं. ऐसा नामुमकिन है कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन न बढ़े. ऐसे में रणवीर सिंह को समझना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है, जो उनके इतने दुश्मन हैं. जीवन में हमेशा एक जैसे हालात नहीं रहते. सफलता के साथ संघर्ष भी आते हैं. मेरे साथ भी फिल्म इंडस्ट्री में कई तरह की घटनाएं हुईं, लेकिन मैंने काम करना नहीं छोड़ा. मैं अच्छा कर रही हूं, मेरे करियर की गाड़ी अच्छी चल रही है. ऐसे फैसलों से कुछ फर्क नहीं पड़ता.''
रणवीर सिंह के बारे में
वर्कफ्रंट की बात करें तो आदित्य धर द्वारा निर्देशित धुरंधर फ्रेंचाइजी के साथ रणवीर सिंह 3000 करोड़ की कमाई करने वाले पहले एक्टर बन गए हैं. धुरंधर और धुरंधर द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर 3100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. जबकि फिल्म का बजट केवल 250 से 300 करोड़ के बीच था. इसके चलते रणवीर सिंह की डिमांड काफी बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें- 'रणवीर सिंह नहीं FWICE पर लगे बैन', राम गोपल वर्मा ने डॉन 3 विवाद में धुरंधर एक्टर का किया सपोर्ट