Ramayana First Review: रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ देखकर रो पड़े आशीष चंचलानी, बोले- ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनने से कोई नहीं रोक सकता

रामायण के प्रीमियर के बाद आशीष चंचलानी ने इसकी भव्यता, दमदार एक्शन और भावनात्मक दृश्यों की जमकर तारीफ की है. उनका मानना है कि जटायु वाला सीन दर्शकों को भावुक कर देगा और बड़े पर्दे पर यह फिल्म एक अलग ही अनुभव देने वाली है.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
रणबीर-साई पल्लवी की 'रामायण' पर फिदा हुए आशीष चंचलानी

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छाई हुई है. भारतीय पौराणिक महाकाव्य रामायण पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म का भव्य स्तर, शानदार स्टारकास्ट और जबरदस्त विजुअल्स इसे खास बना रहे हैं. 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म का बुधवार शाम प्रीमियर आयोजित किया गया, जहां कई खास मेहमानों ने इसे देखा. अब फिल्म की पहली प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं. मशहूर कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की है और इसे ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बताया है.

‘रामायणम्' देखकर भावुक हुए आशीष चंचलानी

फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल हुए आशीष चंचलानी ने सोशल मीडिया पर अपना रिव्यू साझा किया है. उन्होंने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की तारीफ करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. आशीष के मुताबिक, फिल्म में ऐसे एक्शन सीन देखने को मिलते हैं, जिन्हें भारतीय दर्शकों ने पहले शायद ही किसी फिल्म में देखा हो.

उन्होंने अपने रिव्यू में लिखा कि ‘रामायण' एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित होने की पूरी क्षमता रखती है. फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसके शानदार दृश्य ही नहीं, बल्कि निर्देशक नितेश तिवारी का काम भी है. आशीष ने कहा कि नितेश ने पूरी कहानी पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है और हर बड़े सीन को बेहद प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा है.

फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर भी उन्होंने काफी उत्साह दिखाया. उनके मुताबिक, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश ने अपने-अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है. हालांकि, आशीष ने सबसे खास तारीफ रवि दुबे के लिए की, जो फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने रवि के अभिनय को शानदार बताया और उनके काम के लिए खास तौर पर सराहना की.

Advertisement

आशीष ने यह भी बताया कि फिल्म में कुछ ऐसे हल्के-फुल्के पल हैं, जो दर्शकों को हंसने का मौका देते हैं. हालांकि, कुछ जगहों पर तकनीकी कमियां भी नजर आती हैं. खासकर रात के दृश्यों में डी-एजिंग से जुड़े कुछ शॉट थोड़े अलग महसूस होते हैं. लेकिन फिल्म की एडिटिंग इतनी अच्छी है कि इन छोटी-मोटी कमियों पर ज्यादा ध्यान नहीं जाता.

जटायु के फाइट सीन ने रुलाया

आशीष चंचलानी ने फिल्म के एक्शन दृश्यों की खास तौर पर तारीफ की. उन्होंने कहा कि फिल्म का हर अगला एक्शन सीक्वेंस पिछले से ज्यादा दमदार है. फिल्म में जटायु के साथ होने वाली लड़ाई का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यह सीन इतना भावुक कर देने वाला है कि इसे देखने के बाद उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि इसे ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनने से कोई नहीं रोक सकता. साथ ही दर्शकों को सलाह दी कि वे इस फिल्म को छोटी स्क्रीन के बजाय थिएटर की सबसे बड़ी स्क्रीन पर देखें. उनका मानना है कि ‘रामायणम्' जैसी फिल्म का असली अनुभव बड़े पर्दे पर ही मिल सकता है.

Advertisement

आशीष ने दर्शकों से यह भी अपील की कि फिल्म को किसी खराब क्वालिटी वाली लीक कॉपी या पायरेटेड वर्जन के आधार पर जज न करें. उनके मुताबिक, फिल्म को जिस भव्यता के साथ तैयार किया गया है, उसका पूरा आनंद सिनेमाघरों में ही लिया जा सकता है.

क्यों बनाई जा रही है एक और 'रामायण'

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा का कहना है कि इस प्रोजेक्ट के पीछे उनका मकसद रामायण की कहानी को नए और अभूतपूर्व अंदाज में दुनिया के सामने पेश करना है. अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि जब रामायण पर पहले ही कई टीवी शो, फिल्में और रामलीलाएं बन चुकी हैं, तो एक और फिल्म बनाने की जरूरत क्यों है? इस सवाल का जवाब देते हुए नमित मल्होत्रा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उनकी कोशिश दर्शकों को इस महान कथा का ऐसा रूप दिखाने की है, जिसे उन्होंने पहले कभी अनुभव नहीं किया होगा. वह चाहते हैं कि भारतीय दर्शक रामायण को एक ऐसे सिनेमाई अनुभव के रूप में देखें, जिसकी भव्यता अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के स्तर की हो.

नमित के मुताबिक, जिस तरह हॉलीवुड में ‘अवतार', ‘एवेंजर्स', ‘स्पाइडर-मैन' और ‘द ओडिसी' जैसी बड़ी फिल्मों को तैयार किया जाता है, उसी स्तर की प्रस्तुति वह ‘रामायणम्' के जरिए भारतीय दर्शकों को देना चाहते हैं. इसके लिए फिल्म में 3D और IMAX जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है.

फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है और दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इस बड़े बजट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माता इस प्रोजेक्ट को लेकर कितने महत्वाकांक्षी हैं. नमित का मानना है कि भारत में भी ऐसी फिल्में बनाई जा सकती हैं, जो तकनीक, कहानी और भव्यता के मामले में दुनिया की बड़ी फिल्मों को टक्कर दें.

Advertisement

रणबीर राम, साई पल्लवी सीता और यश बने हैं रावण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि यश को रावण के रूप में पेश किया गया है. रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे. इस स्टारकास्ट को लेकर भी फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है.

फिल्म की कहानी श्रीधर राघवन ने सह-लिखी है और यह महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य पर आधारित है. इसके निर्माण में नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज के साथ यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स भी जुड़ी हुई है. वहीं, ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर काम किया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: विशाल मिश्रा के 'सीता मैया चलली छठ करे' का दिखा दम, एक घंटे पहले रिलीज छठ गीत को यूट्यूब पर मिले 17 हजार व्यूज

नमित मल्होत्रा इससे पहले ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन- शिवा' और हॉलीवुड फिल्म ‘द गारफील्ड मूवी' जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं. अब ‘रामायणम्' के जरिए वह भारतीय पौराणिक कथा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना चाहते हैं. फिल्म के पहले रिव्यू में आशीष चंचलानी की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसकी रिलीज को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है. अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है.
 

Featured Video Of The Day
Tiger Shroff के बाद Ayushmann Khurrana को धमकी! Lawrence gang का नाम क्यों आया?
Topics mentioned in this article
Ramayana
Ashish Chanchlani
Entertainmemt
Bollywood

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं