39 साल बाद फिर पर्दे पर दिखेगी रामायण की राम-सीता की जोड़ी, कोई वरदान या करिश्मा नहीं, इस बार लड़ेंगे आम आदमी की लड़ाई

39 साल बाद टीवी के राम और सीता एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं. अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया की जोड़ी फिल्म ‘नोटिस’ में दर्शकों को पुरानी यादें ताजा कराएगी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
39 साल बाद फिर जमेगी राम-सीता की जोड़ी

मेरठ-हापुड़ से भाजपा सांसद और अभिनेता अरुण गोविल एक बार फिर अपनी नई फिल्म को लेकर चर्चा में हैं. उनकी मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘नोटिस' शुक्रवार को Waves OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है. फिल्म की कहानी किसी बड़े सितारे या ताकतवर शख्स की नहीं, बल्कि एक ऐसे आम नागरिक की है, जो सरकारी व्यवस्था और प्रभावशाली लोगों के बीच अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता है. इसमें न्याय पाने की उम्मीद, परिवार की परेशानियां और व्यवस्था से लड़ने की हिम्मत को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है. फिल्म की एक और खास बात है, जो पुराने दर्शकों के लिए किसी यादगार पल से कम नहीं होगी.

39 साल बाद फिर साथ आएंगे अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया

रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण' में भगवान श्रीराम और माता सीता का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर स्क्रीन पर साथ दिखाई देंगे. करीब 39 साल बाद दोनों कलाकारों की जोड़ी फिल्म ‘नोटिस' में नजर आएगी. ऐसे में रामायण के दौर से इन कलाकारों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म खास होने वाली है.

फिल्म में अरुण गोविल नारायण गुप्ता नाम के व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं. उनका किरदार एक सामान्य परिवार से जुड़ा है, जो सरकारी तंत्र के सामने अपनी बात रखने और न्याय हासिल करने के लिए संघर्ष करता है. कहानी में दिखाया गया है कि जब एक आम इंसान का सामना ताकतवर लोगों और व्यवस्था से होता है, तो उसे किन मुश्किलों से गुजरना पड़ता है.

फिल्म में ‘पंचायत' वेब सीरीज से लोकप्रिय हुए अभिनेता पंकज झा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. इनके साथ आदित्य रघुवंशी, त्रिपुरारी यादव, ठाकुर राजवीर सिंह, नगिना बोपचे, मेनिका राय, सुनील कुमार सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, अभिनव शर्मा, समीर मलिक, प्रमोद सैनी, शैलेंद्र और दिनेश भाटी समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है.

Advertisement

कैलाश खेर की आवाज में गूंजेगा राम भक्ति का गीत

‘नोटिस' सिर्फ सामाजिक मुद्दे और भावनात्मक कहानी तक सीमित नहीं है. फिल्म में संगीत को भी खास जगह दी गई है. कैलाश खेर और अंकिता चौहान की आवाज में तैयार गीत ‘राम अवध में आए' भगवान श्रीराम और चित्रकूट की पवित्र धरती को समर्पित है. इसके अलावा लोकसंगीत से सजा गाना ‘ना रगड़ा ना रौब' भी फिल्म का आकर्षण बढ़ाता है. अन्य गीतों के जरिए भी कहानी के माहौल को प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है.

फिल्म की जिम्मेदारी आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी ने कई स्तरों पर संभाली है. उन्होंने इसका निर्माण और लेखन करने के साथ अभिनय भी किया है. फिल्म का निर्देशन प्रदीप गुप्ता ने किया है, जबकि इसकी पटकथा और संवाद एबी मोहन तथा अमृत राज ने लिखे हैं.

Advertisement

‘लोगों को अपनी कहानी लगेगी फिल्म'

फिल्म के निर्माता और लेखक आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी के मुताबिक, ‘नोटिस' की कहानी समाज के उन लोगों की आवाज उठाती है, जिन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि फिल्म की प्रेरणा वास्तविक घटनाओं और आम नागरिकों की परेशानियों से मिली है.

आदित्य का कहना है कि फिल्म देखते समय दर्शकों को ऐसा महसूस होगा कि पर्दे पर दिखाई जा रही घटनाएं उनके अपने जीवन से जुड़ी हैं. इसकी कहानी में आम लोगों के अनुभवों और उनकी समस्याओं को जगह दी गई है. इससे पहले आदित्य ‘पगलेआजम' और ‘लाल मिर्च' जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 'रामायण' के सेट से सामने आईं BTS तस्वीरें, राम लुक में बेटी राहा पर प्यार लुटाते दिखे रणबीर कपूर

‘नोटिस' के जरिए एक बार फिर यह सवाल उठाने की कोशिश की गई है कि जब किसी सामान्य व्यक्ति के अधिकारों की बात आती है, तो न्याय की राह उसके लिए कितनी मुश्किल हो सकती है. अब देखना होगा कि Waves OTT पर रिलीज होने के बाद अरुण गोविल की यह फिल्म दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
BSF जवानों को मारने वाले वायरल वीडियो का क्या है सच?
Topics mentioned in this article
Arun Govil
Dipika Chikhalia
Entertainment
Notice

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं