अपने दौर की सबसे खूबसूरत और स्टाइलिश एक्ट्रेसेस में शुमार मुमताज आज भी उसी ग्रेस और चार्म के साथ लोगों को हैरान कर देती हैं. कभी सिल्वर स्क्रीन पर अपनी अदाओं से लाखों दिलों को धड़काने वाली मुमताज की फिटनेस 78 की उम्र में भी लाजवाब है. खिलौना, दो रास्ते और आप की कसम जैसी फिल्मों से दिलों पर राज करने वाली मुमताज अब अपनी फिटनेस को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनका असली ‘सीक्रेट' कोई महंगा डाइट प्लान नहीं, बल्कि सिंपल सा डिसिप्लिन है. मुमताज का मानना है कि फिट रहना मुश्किल नहीं, बस आलस को हराना पड़ता है और यही वो जगह है जहां ज्यादातर लोग हार मान लेते हैं.
शाम 4 बजे के बाद नहीं खातीं खाना
मुमताज के रूटीन का सबसे खास हिस्सा उनका स्ट्रिक्ट ईटिंग रूल है. वो शाम 4 बजे के बाद कुछ भी नहीं खाती हैं. ये आदत उन्होंने काफी हद तक अक्षय कुमार की डिसिप्लिन्ड लाइफस्टाइल से इंस्पायर होकर अपनाई है. मुमताज शाम के बाद न डिनर करती हैं और न ही स्नैक लेती हैं. हालांकि, जरूरत पड़ने पर केवल एक फल, जैसे सेब खाती हैं और दिन में भी संतुलित भोजन करती हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, जल्दी खाना खाने से पाचन बेहतर होता है, एसिडिटी और ब्लोटिंग कम होती है और अच्छी नींद आती है.
बैलेंस्ड डाइट है फिटनेस की नींव
मुमताज का डाइट प्लान बेहद आसान लेकिन बैलेंस्ड है -
नाश्ता: दूध के साथ सीरियल
दोपहर का भोजन : ज्वार या बाजरे की रोटी, सब्जी या मांस
शाम: कोई भोजन नहीं, कभी-कभी फल
उनकी डाइट में पोर्शन कंट्रोल और होल ग्रेन्स पर खास ध्यान दिया जाता है, जो लंबे समय तक फिट रहने में मदद करता है.
हर दिन 50 मिनट वर्कआउट
मुमताज के लिए फिटनेस कोई ऑप्शन नहीं, बल्कि रोज की आदत है. वो हर दिन लगभग 50 मिनट वर्कआउट करती हैं. इसमें शामिल है 5 किलो तक वेट ट्रेनिंग, लेग एक्सरसाइज और फुल बॉडी वर्कआउट और कार्डियो शामिल है. उनका मानना है कि रेग्युलर एक्सरसाइज से न केवल शरीर फिट रहता है, बल्कि हड्डियां मजबूत होती हैं और उम्र बढ़ने के असर को भी कम किया जा सकता है. मुमताज कहती हैं कि फिटनेस का असली राज डाइट या एक्सरसाइज नहीं, बल्कि सोच है. उन्होंने बताया कि उन्हें देव आनंद ने एक बार सलाह दी थी की ऐज सिर्फ एक नंबर है. आज मुमताज को देखकर आप भी यही कह सकते हैं.