पैन इंडिया सुपरस्टार प्रभास अपने शानदार अभिनय और विनम्र स्वभाव को लेकर भी दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं. हाल ही में उन्होंने तेलुगु फिल्म 'कपल फ्रेंडली' की तारीफ की, जिसके बाद से फिल्म को काफी लोकप्रियता मिली. प्रभास भले ही हैदराबाद में रहते हैं, लेकिन वे मुख्य रूप से चेन्नई के रहने वाले हैं. फिल्म की टीम के साथ हुई एक खास बातचीत में प्रभास ने चेन्नई के लिए अपने प्यार के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी कभी-कभी इस शहर की बहुत याद आती है. प्रभास ने अपनी मनपसंद और पुरानी यादों को ताजा किया. वहीं उन्होंने यह भी बताया कि वह खाना भी चेन्नई से मंगवा देते थे.
मुंबई में चेन्नई से मंगवाया खाना
एक्टर से पूछा गया कि आपने दूसरे राज्य से खाना ऑर्डर किया था. इस पर प्रभास ने कहा, सब लोग खाने के लिए मेरे प्यार के बारे में जानते हैं. यहां तक कि एसएस राजामौली भी मुझे इसे लेकर चिढ़ाते हैं! और हां… कभी-कभी मैं दूसरे स्टेट से खाना ऑर्डर करता हूं. जब हम मुंबई में आदिपुरुष की शूटिंग कर रहे थे, तो सेट पर चीट मील डे था. सब लोग थोड़ा लो महसूस कर रहे थे, तो मैंने सोचा, क्यों न इसे स्पेशल बनाया जाए? मैंने उनसे कहा, “आज, मैं तुम्हारे लिए ऑथेंटिक चेन्नई फूड लाऊंगा.” वे एक्साइटेड थे और इंतजार कर रहे थे. रात के 10 बजे. रात के 11 बजे. अभी भी खाना नहीं.
ये भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन की फिल्मों को जब इस एक्टर ने बताया था फैंटेसी, 1987 का वीडियो फिर हुआ वायरल
प्रभास की बात सुनकर चौंक गए थे लोग
आगे उन्होंने कहा, मैंने उनसे कहा कि उस रात सिर्फ चेन्नई फूड ही खाएं! दो-तीन घंटे इंतजार करने के बाद, आखिरकार किसी ने पूछा, “खाना कहां से आ रहा है?” मैंने यूं ही कहा, “चेन्नई से.” इसे सुनकर वह चौंक गए! उन्हें लगा कि मेरा मतलब मुंबई के किसी लोकल चेन्नई-स्टाइल रेस्टोरेंट से है. लेकिन नहीं, मैंने असल में खाने को चेन्नई से फ्लाइट से लाने का इंतजाम किया था, और उसे फ्रेश और गर्म रखने के लिए हॉट कैरियर में ठीक से पैक करवाया था. हां, यह सुनने में अजीब लगता है. लेकिन मुझे ओरिजिनल, ऑथेंटिक फ्लेवर पसंद हैं. अगर हमें लोकल ऑप्शन भी मिल जाएं, तो भी मुझे घर का असली स्वाद बहुत याद आता है. और जब खाना आखिरकार आया तो इंतजार बिल्कुल अच्छा था.
चेन्नई में जन्मे हैं प्रभास
फिल्म के निर्देशक अश्विन चंद्रशेखर ने अभिनेता से सवाल किया, "चेन्नई से उनका क्यों इतना नाता है?" तो इस सवाल का जवाब देते हुए अभिनेता ने कहा, "मैं चेन्नई में ही पैदा हुआ था. वह शहर हमेशा से ही मेरे दिल के करीब है. वहां पर मैंने डॉन बॉस्को स्कूल में पढ़ाई पूरी की. यहां आने के बाद मैं तमिल भाषा लगभग भूल गया था, लेकिन मेरे अच्छे दोस्त जैसे राजू मास्टर, प्रभु मास्टर और इंडस्ट्री में कई तमिल टेक्नीशियन हैं. उनसे तमिल में बात करके मेरी भाषा फिर से सुधर गई, वरना मैं पूरी तरह भूल जाता." अभिनेता ने आगे बताया कि वे जब भी चेन्नई जाते हैं तो अपने स्कूल डॉन बॉस्को स्कूल जरूर जाते हैं. मुझे वह जगह बहुत याद आती है. स्कूल के दिनों में मैं सही तमिल बोलता था, लेकिन अब कभी-कभी सही शब्द याद नहीं आते.
'कपल फ्रेंडली' के बारे में
बता दें कि तेलुगु फिल्म 'कपल फ्रेंडली' का एक बड़ा हिस्सा चेन्नई में फिल्माया गया है. अश्विन चंद्रशेखर के निर्देशन में बनी पहली फिल्म, 'कपल फ्रेंडली', चेन्नई की एक ताजा झलक पेश करती है, जिसमें दो 20 वर्षीय युवा अपने गृहनगर से महानगर में आकर अपने दम पर अपना जीवन फिर से संवारते हैं. इस फिल्म का निर्माण यूवी कॉन्सेप्टस ने किया है और इसे यूवी क्रिएशंस प्रस्तुत कर रहा है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी दिनेश पुरुषोत्तमन ने संभाली है, जबकि संगीत आदित्य रविंद्रन ने दिया है.