रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर मूवी धुरंधर द रिवेंज साल 2025 में आई धुरंधर का सीक्वल है और ये सातवें दिन ही 600 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, धुरंधर 2 ने सात दिन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 632.42 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है जबकि इसका ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 744.58 करोड़ रुपये है. 19 मार्च को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई ‘धुरंधर 2' ने महज कुछ दिन में उन स्टार्स की फिल्मों को पछाड़ दिया है जो इंडस्ट्री के बेहतरीन अभिनेता माने जाते हैं. इनमें से एक स्टार तो वो हैं जिन्हें बॉलीवुड का ‘किंग' कहा जाता है. हम बात कर रहे हैं रणबीर कपूर और शाहरुख खान की. ‘धुरंधर' ने महज 7 दिन में वो कर दिखाया है जो शाहरुख और रणबीर कपूर की फिल्म महीनेभर में कर पाई थीं. चलिए सस्पेंस खत्म कर के हम आपको बताते हैं ‘धुरंधर 2' ने क्या करिश्मा किया है.
सात दिन में कमा डाले इतने करोड़...
सोशल मीडिया पर इस वक्त हर तरफ ‘धुरंधर' की कमाई के चर्चे हो रहे हैं. सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो ‘धुरंधर 2' ने सात दिन में ही भारत में 632.42 करोड़ का बिजनेस कर लिया था. जबकि शाहरुख खान की ‘पठान' का इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ओवरऑल नेट कलेक्शन 543 करोड़ रुपये रहा था और रणबीर कपूर की ‘एनिमल' का 553.87 करोड़. इस हिसाब से देखा जाए तो रणवीर सिंह की इस फिल्म ने बड़े ही आराम से 'पठान' और 'एनिमल' को पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा ‘धुरंधर 2' ने प्रभास की ‘बाहुबली 2' और सनी देओल की ‘गदर 2' को भी बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ दिया है.
कितना हुआ 'धुरंधर 2' का अब तक का कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, धुरंधर 2 के हर दिन के साथ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में गिरावट आ रही है. हिंदी वर्जन ने बुधवार को 44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जबकि सारे दूसरे वर्जन के कलेक्शन को मिलाकर 47.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन सातवें दिन हुआ. अगर इसका टोटल कलेक्शन देखें तो यह 1006 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है, इस तरह वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है.
धुरंधर ने कमाए थे कितने करोड़
धुरंधर 2 के पहले पार्ट धुरंधर की बात करें तो ये 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था. आईएमडीबी के मुताबिक इसका बजट लगभग 250 करोड़ रुपये था जबकि इसने 1305 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया था. अगर इसके भारत में नेट कलेक्शन की बात करें तो इसने 840 करोड़ रुपये कमाए थे. अगर धुरंधर 2 की स्पीड देखें तो यह आंकड़़ा ज्यादा दूर नहीं है.