बहन के साथ कोरस में गाती थी ये लड़की, आशा भोसले की सिफारिश पर मिली पहली फिल्म, 15 साल में जीता फिल्मफेयर

प्रेम रोग में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाली इस अदाकारा ने महज 7 साल की उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. अपनी बहन के साथ गानों में कोरस गाने वाली अदाकारा को 15 साल की उम्र में फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतकर उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
आशा भोसले की सिफारिश पर मिली पहली फिल्म, 15 साल में जीता फिल्मफेयर
Instagram
नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने बचपन से ही फिल्मों की दुनिया में कदम रख दिया था और बड़े होते-होते अपनी अलग पहचान बना ली. पद्मिनी कोल्हापुरे भी उन्हीं अभिनेत्रियों में शामिल हैं. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे एक बाल कलाकार से हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री बन गईं. ' सत्यम शिवम सुंदरम', 'इंसाफ का तराजू' और 'प्रेम रोग' जैसी फिल्मों में उनके काम को आज भी याद किया जाता है. दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में आने से पहले वह अपनी बहन के साथ कोरस गाया करती थीं. उनकी पहली फिल्म मिलने के पीछे भी एक खास किस्सा है, जिसमें दिग्गज गायिका आशा भोसले की अहम भूमिका रही.

पद्मिनी कोल्हापुरे का जन्म 1 नवंबर 1965 को मुंबई में हुआ था. उनके पिता पंडित पंढरीनाथ कोल्हापुरे शास्त्रीय संगीत से जुड़े थे, जबकि उनकी मां अनुपमा एयरलाइन में काम करती थीं. पद्मिनी का परिवार संगीत और कला से जुड़ा रहा है. उनकी बहन शिवांगी कोल्हापुरे भी संगीत और फिल्मों से जुड़ी हैं. शिवांगी की शादी अभिनेता शक्ति कपूर से हुई और उनकी बेटी श्रद्धा कपूर आज बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री हैं. इस तरह पद्मिनी का रिश्ता कपूर परिवार से भी जुड़ता है.

बचपन से ही था गाने और डांस का शौक

पद्मिनी को बचपन से ही गाने और डांस करने का शौक था. उन्होंने महज सात साल की उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. शुरुआत में वह अपनी बहन शिवांगी के साथ फिल्मों के गानों में कोरस गाती थीं. 'यादों की बारात', 'किताब' और 'दुश्मन दोस्त' जैसी फिल्मों के गानों में उनकी आवाज शामिल रही. इसी दौरान उनकी मुलाकात दिग्गज गायिका आशा भोसले से हुई, जो रिश्ते में उनकी बुआ लगती थीं. पद्मिनी के पिता पंढरीनाथ, आशा भोसले और लता मंगेशकर के फर्स्ट कजिन थे. पद्मिनी उन्हें प्यार से 'आशा आत्या' कहती थीं.

ये भी पढे़ं: 'रामायणम्' में सीता बनने के लिए साई पल्लवी ने की खास तैयारी, रोज करती थीं खास अभ्यास

Advertisement

पद्मिनी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि आशा भोसले ने ही उन्हें अभिनेता देव आनंद से मिलवाया था. आशा भोसले ने देव आनंद से कहा था कि अगर उनके पास पद्मिनी के लिए कोई काम हो तो उन्हें मौका दें. इस मुलाकात के बाद देव आनंद ने उन्हें अपनी फिल्म 'इश्क इश्क इश्क' में काम दिया. इस तरह पद्मिनी को उनकी पहली फिल्म मिली. उस समय वह काफी छोटी थीं और उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि आगे चलकर वह हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री बनेंगी.

Photo Credit: instagram

15 साल की उम्र में मिला फिल्मफेयर अवॉर्ड

इसके बाद पद्मिनी ने 'जिंदगी', 'ड्रीम गर्ल' और 'सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम किया. राज कपूर की फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' में उन्होंने छोटी रूपा का किरदार निभाया था. इस फिल्म से उन्हें काफी पहचान मिली. राज कपूर ने बाद में उन्हें फिल्म 'प्रेम रोग' में मुख्य भूमिका भी दी. इस फिल्म में उनके साथ ऋषि कपूर नजर आए थे. फिल्म में पद्मिनी ने मनोरमा नाम की एक विधवा महिला का किरदार निभाया था, जिसे समाज के भेदभाव और मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

Advertisement

साल 1980 में आई फिल्म 'इंसाफ का तराजू' में उनके काम की काफी तारीफ हुई. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला. उस समय उनकी उम्र महज 15 साल थी. इसके बाद 1982 में 'प्रेम रोग' के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला. इतनी कम उम्र में लगातार दो बड़े सम्मान हासिल करना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि रही.

करियर में दी कई सुपरहिट फिल्में

पद्मिनी ने इसके बाद 'आहिस्ता आहिस्ता', 'विधाता', 'वो सात दिन', 'प्यार झुकता नहीं', 'सौतन', 'स्वर्ग से सुंदर' और 'प्यार के काबिल' जैसी फिल्मों में काम किया. उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ मराठी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई. कुछ समय तक फिल्मों से दूरी बनाने के बाद उन्होंने दोबारा एक्टिंग शुरू की. 'चिमनी पाखर', 'फटा पोस्टर निकला हीरो', 'पानीपत' और 'प्रवास' जैसी फिल्मों में भी वह नजर आईं.

निजी जिंदगी की बात करें तो पद्मिनी ने 1986 में फिल्म निर्माता प्रदीप शर्मा से शादी की थी. दोनों का एक बेटा प्रियंक शर्मा है, जो अभिनय और फिल्म निर्माण से जुड़ा है.

Featured Video Of The Day
CEC के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन से पहले Ramlila Maidan से देखें LIVE
Topics mentioned in this article
Padmini Kolhapure
Bollywood
Entertainment
Hindi News
Ndtv Hindi

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं