33 फिल्मों में 180 से ज्यादा गाने, सोने की चेन से पहले तबले की थाप से जीता था दिल, ऐसा था बप्पी लाहिड़ी का जीवन

बप्पी लाहिड़ी का नाम आते ही दिमाग में सोने की मोटी-मोटी चेन, बड़े चश्मे, चमकदार कपड़े और डिस्को म्यूजिक की धुनें आने लगती हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
33 फिल्मों में 180 से ज्यादा गाने, सोने की चेन से पहले तबले की थाप से जीता था दिल
NDTV

बप्पी लाहिड़ी का नाम आते ही दिमाग में सोने की मोटी-मोटी चेन, बड़े चश्मे, चमकदार कपड़े और डिस्को म्यूजिक की धुनें आने लगती हैं. उन्होंने हिंदी सिनेमा में डिस्को म्यूजिक को एक अलग पहचान दिलाई और 'डिस्को डांसर', 'नमक हलाल', 'हिम्मतवाला' और 'शराबी' जैसी फिल्मों के गानों से लोगों के दिलों में जगह बनाई. लेकिन, बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके संगीत के सफर की शुरुआत तबले से हुई थी. बचपन में ही उनकी प्रतिभा देखकर लता मंगेशकर ने उनके पिता को उन्हें देश के मशहूर तबला वादक पंडित समता प्रसाद से तबला सीखने की सलाह दी थी.

बप्पी लाहिड़ी का असली नाम

बप्पी लाहिड़ी का जन्म 27 नवंबर 1952 को कोलकाता में हुआ था. उनका असली नाम आलोकेश लाहिड़ी था. उनके घर में पहले से ही संगीत का माहौल था. उनके पिता अपरेश लाहिड़ी और मां बंसरी लाहिड़ी बंगाल के जाने-माने गायक थे. ऐसे में बप्पी को बचपन से ही संगीत सुनने और सीखने का मौका मिला. उन्होंने महज तीन-चार साल की उम्र में तबला बजाना शुरू कर दिया था. इतनी कम उम्र में उनकी संगीत की समझ देखकर परिवार के लोग भी हैरान थे.

बप्पी लाहिड़ी ने एक इंटरव्यू में अपने बचपन का खास किस्सा सुनाया था. उन्होंने बताया था कि कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने तबला बजाया था. उस कार्यक्रम में लता मंगेशकर भी मौजूद थीं. उन्होंने जब छोटे बप्पी को तबला बजाते हुए सुना तो उनकी प्रतिभा को पहचान लिया. इसके बाद उन्होंने बप्पी के पिता अपरेश लाहिड़ी से कहा कि उनके बेटे को पंडित समता प्रसाद से तबला सीखना चाहिए. उस समय पंडित समता प्रसाद देश के बड़े शास्त्रीय तबला वादकों में गिने जाते थे. लता मंगेशकर की सलाह के बाद बप्पी ने उनसे तबले की शिक्षा ली.

11 की उम्र में किया कंपोजिशन

बप्पी ने एक इंटरव्यू में खुद बताया था कि उनके संगीत के सफर में इस सलाह की अहम भूमिका रही. उनकी दिलचस्पी केवल तबले तक सीमित नहीं रही. धीरे-धीरे उन्होंने पियानो और दूसरे वाद्ययंत्रों में भी रुचि लेनी शुरू कर दी. महज 11 साल की उम्र में उन्होंने अपनी पहली कंपोजिशन तैयार कर ली थी. यह किसी फिल्म के लिए नहीं, बल्कि दुर्गा पूजा के मौके पर रिलीज होने वाले एक एल्बम के लिए थी. इस गाने को उनके पिता ने अपनी आवाज दी थी.

Advertisement

बप्पी ने साल 1973 में आई फिल्म 'नन्हा शिकारी' के जरिए हिंदी फिल्मी करियर की शुरुआत की. हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान 1975 में आई फिल्म 'जख्मी' से मिली. इस फिल्म में उनके संगीत को काफी पसंद किया गया. फिल्म के गाने 'जलता है जिया मेरा' और 'आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं' लोगों के बीच लोकप्रिय हुए. इसके बाद बप्पी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा.

80 के दशक में उन्होंने हिंदी फिल्मों के संगीत की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई. फिल्म 'डिस्को डांसर' का गाना 'आई एम ए डिस्को डांसर' आज भी उनकी पहचान बना हुआ है. इसके अलावा 'याद आ रहा है', 'रात बाकी बात बाकी', 'तम्मा तम्मा लोगे', 'दे दे प्यार दे' और 'ऊ ला ला' जैसे गानों ने उन्हें अलग पहचान दी.

Advertisement

180 से ज्यादा गाने किए रिकॉर्ड

संगीत के अलावा बप्पी लाहिड़ी का पहनावा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना. सोने की चेन, बड़े चश्मे और चमकदार कपड़ों के पीछे भी उनकी एक दिलचस्प सोच थी. वह अमेरिकी सिंगर एल्विस प्रेस्ली के प्रशंसक थे और उनके स्टाइल से प्रभावित थे. बप्पी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह एल्विस को देखकर सोचते थे कि अगर कभी कामयाब हुए तो अपनी अलग पहचान बनाएंगे. यही वजह रही कि उन्होंने अपने पहनावे को भी अपनी पहचान का हिस्सा बना लिया.

साल 1986 में बप्पी लाहिड़ी ने 33 फिल्मों के लिए 180 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए थे. इस उपलब्धि का जिक्र गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी हुआ. उन्होंने अपने करियर में हिंदी के अलावा बंगाली और दूसरी भाषाओं में भी संगीत दिया. 15 फरवरी 2022 को 69 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.

यह भी पढ़ें | 47 साल के धर्मेंद्र के साथ 20 साल की हीरोइन, 43 साल पुरानी फिल्म के 5 के 5 गाने हुए सुपरहिट

Featured Video Of The Day
मुंबई में 26/11 जैसे हमले की धमकी, अमिताभ बच्‍चन के जलसा को भी उड़ाने की धमकी
Topics mentioned in this article
Bappi Lahiri
Bappi Lahiri Age
Bappi Lahiri The Guinness Book Of World Records
Bappi Lahiri Bollywood
Bappi Lahiri Songs

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं