राम और कृष्ण ही नहीं, टीवी पर इन 5 देवी-देवताओं की भी दिख चुकी है कहानी, कुछ सीरियल्स ने तो सालों तक किया राज

भगवान राम और श्रीकृष्ण के सीरियल्स के अलावा टीवी पर भगवान शिव, हनुमान, गणेश, शनिदेव और संतोषी मां जैसे देवी-देवताओं पर आधारित पौराणिक शोज भी आए हैं, जिन्होंने दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी और धार्मिक कहानियों को घर-घर तक पहुंचाया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राम-कृष्ण के अलावा इन देवी-देवताओं के शो रहे सुपरहिट! देखें लिस्ट

जब भी टीवी पर पौराणिक सीरियल्स की बात होती है, सबसे पहले रामायण और महाभारत का नाम सामने आता है. भगवान राम और श्रीकृष्ण पर बने सीरियल्स को दशकों से दर्शकों का प्यार मिलता रहा है. लेकिन छोटे पर्दे की दुनिया सिर्फ इन्हीं दो किरदारों तक सीमित नहीं रही. समय-समय पर ऐसे कई सीरियल्स आए, जिन्होंने भगवान शिव, हनुमान, गणेश, शनिदेव और संतोषी मां जैसे देवी-देवताओं की कहानियों को घर-घर पहुंचाया. इनमें से कुछ शो इतने लोकप्रिय हुए कि आज भी उनके किरदार और डायलॉग्स लोगों को याद हैं. आइए जानते हैं राम और कृष्ण के अलावा छोटे पर्दे के उन देवी-देवताओं के बारे में, जिन पर बने सीरियल्स को दर्शकों ने खूब पसंद किया.

भगवान शिव पर बने कई सुपरहिट सीरियल

भगवान शिव टीवी के सबसे लोकप्रिय पौराणिक किरदारों में से एक रहे हैं. साल 1997 में आया 'ओम नमः शिवाय' उस दौर के पॉपुलर सीरियल्स में गिना जाता है. इसके बाद 'देवों के देव महादेव' ने नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच जबरदस्त पहचान बनाई. इसके अलावा 'शिव महिमा', 'शिव शक्ति' और 'हर हर महादेव' जैसे सीरियल्स भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहे.

ये भी पढ़ें; 448 एपिसोड, हर एपिसोड है 2.30 घंटे का, एक बार शुरू की ये वेब सीरीज तो नहीं करेगा रोकने के मन

शनिदेव की कहानियों ने भी खींचा दर्शकों का ध्यान

भगवान शनिदेव को लेकर लोगों में हमेशा जिज्ञासा रही है. यही वजह है कि उनके जीवन और उनसे जुड़ी मान्यताओं पर भी टीवी सीरियल्स बनाए गए. 'कर्मफल दाता शनि' ऐसा ही एक शो था, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. बाद में 'कर्माधिकारी शनिदेव' नाम से भी एक सीरियल आया, जिसने इस विषय को आगे बढ़ाया.

Advertisement

गणेश जी पर भी बने कई लोकप्रिय शो

किसी भी शुभ काम से पहले भगवान गणेश का स्मरण किया जाता है. छोटे पर्दे पर भी उनकी कहानियों को कई बार दिखाया गया. दूरदर्शन पर प्रसारित 'श्री गणेश' को दर्शकों ने पसंद किया था. इसके बाद 'विघ्नहर्ता गणेश', 'जय गणेश' और 'कथा महादेव पुत्र बाल गणेश की' जैसे सीरियल्स भी चर्चा में रहे.

मां संतोषी की कहानी भी पहुंची घर-घर

मां संतोषी की पूजा और उनसे जुड़ी कथाएं लंबे समय से लोगों के बीच लोकप्रिय रही हैं. यही वजह है कि उन पर आधारित सीरियल्स को भी अच्छा दर्शक वर्ग मिला. 'संतोषी मां' और 'संतोषी मां: सुनाएं व्रत कथाएं' जैसे शो इसी कड़ी का हिस्सा रहे. इन सीरियल्स में अभिनेत्री ग्रेसी सिंह ने मां संतोषी का किरदार निभाकर काफी पहचान बनाई.

Advertisement

हनुमान जी पर बने शो आज भी याद किए जाते हैं

भगवान हनुमान से जुड़े किरदार बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं. साल 1997 में प्रसारित 'जय हनुमान' उस दौर का बेहद लोकप्रिय सीरियल रहा. बाद में 'संकटमोचन महाबली हनुमान' ने भी शानदार लोकप्रियता हासिल की. इसके अलावा 'मारुति' और 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' जैसे शो ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा. दिलचस्प बात यह है कि टीवी इंडस्ट्री में पौराणिक कहानियों का आकर्षण समय के साथ कम नहीं हुआ. हर कुछ साल में नए अंदाज और नई तकनीक के साथ ऐसे सीरियल्स आते रहे हैं. यही वजह है कि राम और कृष्ण के अलावा दूसरे देवी-देवताओं पर आधारित शो भी दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे.

Featured Video Of The Day
फुटबॉल विश्वकप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, नॉर्वे को 2-1 से हराया
Topics mentioned in this article
Bollywood
Entertainment
Ramayana
Mahabharat
Devo Ke Dev Mahadev