कमल हासन और रजनीकांत के साथ किया काम, धोखे ने छीनी दौलत और शौहरत, देह व्यापार करने को मजबूर हुई हीरोन, गुमनामी में हुई मौत

निशा नूर कभी चमकता सितारा थीं. कमल हासन और रजनीकांत जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम करने वाली इस एक्ट्रेस की जिंदगी एक धोखे के बाद पूरी तरह बदल गई. शोहरत से गुमनामी तक का उनका सफर इतना दर्दनाक रहा कि आखिर में उनकी मौत अस्पताल में अकेले हुई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कमल हासन और रजनीकांत के साथ किया काम, धोखे ने छीनी दौलत और शौहरत
NDTV

एक दौर था जब साउथ इंडियन फिल्मों में इस एक्ट्रेस की मुस्कान और अदाकारी के चर्चे होते थे. कमल हासन और रजनीकांत जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम करने वाली ये एक्ट्रेस कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ रही थीं. लेकिन किस्मत ने ऐसी पलटी मारी कि शोहरत की दुनिया से निकलकर वो गरीबी, अकेलेपन और बेबसी की अंधेरी राह पर पहुंच गईं. इस राह पर किसी ने उनका साथ नहीं दिया. प्यार में मिला एक धोखा, करियर का खत्म होना और आखिर में गुमनामी... इस एक्ट्रेस की कहानी किसी फिल्म की नहीं, बल्कि हकीकत की सबसे दर्दनाक दास्तानों में से एक है.

ये भी पढ़ें: मातृभूमि सलमान खान के लिए सिर्फ फिल्म की नहीं बल्कि एक इम्तिहान है, भाईजान 10 साल से कर रहे हैं ब्लॉकबस्टर का इंतजार

ऐसे मिला स्टारडम

हम बात कर रहे हैं एक्ट्रेस निशा नूर की. तमिलनाडु में जन्मीं निशा नूर का फिल्मों में आना महज एक इत्तेफाक था. कम उम्र में उनकी शादी परिवार के एक रिश्तेदार से हुई,. लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक सका और दोनों अलग हो गए. तलाक के बाद निशा ने फिल्मों का रुख किया और देखते ही देखते तमिल, मलयालम और तेलुगु सिनेमा का जाना पहचाना चेहरा बन गईं. उन्होंने वेलियेट्टम, चुवप्पुनाडा, मिमिक्स परेड, अय्यर द ग्रेट और देवासुरम जैसी फिल्मों में काम किया. तमिल सिनेमा में उन्हें कमल हासन और रजनीकांत जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला. कई मशहूर डायरेक्टरों ने भी उन्हें अपनी फिल्मों में जगह दी. ऐसा लगने लगा था कि उनका करियर लंबी उड़ान भरेगा, लेकिन कहानी ने अचानक ऐसा मोड़ लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.

प्यार, धोखा और दर्दनाक अंत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपने करियर के चरम पर निशा नूर एक फिल्म निर्माता के प्यार में पड़ गई थीं. कहा जाता है कि उस शख्स ने उनका भरोसा जीता. उनकी जमा पूंजी अपने कब्जे में ली और फिर उन्हें अकेला छोड़ दिया. फिल्मों के ऑफर भी धीरे धीरे बंद होने लगे. आर्थिक तंगी बढ़ती गई और परिवार या दोस्तों से भी उन्हें कोई सहारा नहीं मिला. रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया कि मजबूरी की वजह से उन्हें देह व्यापार की दुनिया में उतरना पड़ा. इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री ने भी उनसे दूरी बना ली. कभी कैमरों की फ्लैशलाइट में रहने वाली एक्ट्रेस धीरे धीरे लोगों की यादों से गायब हो गईं.

Advertisement

गुमनामी में हुई मौत

सालों बाद तमिलनाडु के एक तीर्थ स्थल के पास सामाजिक कार्यकर्ताओं को सड़क किनारे एक बेहद कमजोर और बीमार महिला मिली. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो पता चला कि वो कोई और नहीं, बल्कि कभी सिल्वर स्क्रीन पर राज करने वाली निशा नूर थीं. जांच में पता चला कि वो कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं. पुलिस की जांच में ये भी पता चला कि मां के निधन के बाद वो पूरी तरह अकेली हो गई थीं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा था. साल 2007 में अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. कभी तालियों और शोहरत से घिरी रहने वाली ये एक्ट्रेस आखिर में गुमनामी, तन्हाई और बेबसी के बीच दुनिया से विदा हो गईं.

Featured Video Of The Day
कौन बन सकता है राम मंदिर का CEO? जानिए योग्यता और चयन प्रक्रिया
Topics mentioned in this article
Kamal Haasan
Nisha Noor
Kamal Haasan Films
Rajinikanth