मुंबई की अंधेरी गलियों में फैला अपराध, एक रहस्यमयी गैंगस्टर जिसकी हर बात पहेली जैसी लगती है और एक पुलिस अफसर जिसे एक फोन कॉल पूरी दुनिया बदल देने वाले मिशन पर ले जाता है. कहानी में राजनीति, धर्म, सत्ता, अपराध और साजिश की ऐसी परतें खुलती हैं कि हर एपिसोड के बाद अगला देखने की उत्सुकता और बढ़ जाती है. दिलचस्प बात यह है कि यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से नहीं, बल्कि एक बेस्टसेलर उपन्यास से निकली थी. हम बात कर रहे हैं नेटफ्लिक्स की सुपरहिट वेब सीरीज 'सेक्रेड गेम्स' की.
बेस्टसेलर किताब से शुरू हुई थी कहानी
बहुत कम लोग जानते हैं कि सेक्रेड गेम्स की कहानी भारतीय-अमेरिकी लेखक विक्रम चंद्र के बेस्टसेलर उपन्यास से ली गई है. इस उपन्यास का नाम भी सेक्रेड गेम्स है. इस उपन्यास ने अपनी उलझी हुई कहानी, मजबूत किरदारों और मुंबई के खौफनाक माहौल की शानदार व्याख्या के चलते साहित्य जगत में खास पहचान बनाई थी. किताब में मुंबई पुलिस के अधिकारी सरताज सिंह और कुख्यात गैंगस्टर गणेश गायतोंडे की कहानियां एक साथ चलती हैं, जो धीरे-धीरे एक-दूसरे से जुड़ती चली जाती हैं.
ये भी पढ़ें- आश्रम की बबीता भाभी का खुलासा, बॉबी देओल की सीरीज में इंटिमेट सीन बना त्रिधा चौधरी के ब्रेकअप का कारण
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बनाया गायतोंडे को अमर किरदार
सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने गणेश गायतोंडे का किरदार निभाया, जिसे आज भी भारतीय OTT इतिहास के सबसे दमदार किरदारों में गिना जाता है. उनका अंदाज, डायलॉग और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ. वहीं सैफ अली खान ने ईमानदार पुलिस अधिकारी सरताज सिंह की भूमिका निभाई, जिनकी शांत लेकिन शानदार एक्टिंग को भी खूब सराहा गया.
अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवाने का मास्टरपीस
सेक्रेड गेम्स को अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवाने ने मिलकर डायरेक्ट किया था. दोनों डायरेक्टर्स ने किताब की मूल भावना को बरकरार रखते हुए इसे विजुअल रूप में बेहद शानदार ढंग से पेश किया. सीरीज की सिनेमैटोग्राफी, बैकग्राउंड स्कोर और स्क्रीनप्ले ने इसे भारतीय OTT कंटेंट के लिए एक नया बेंचमार्क बना दिया.
2018 में रिलीज हुई सेक्रेड गेम्स नेटफ्लिक्स की पहली भारतीय ओरिजिनल सीरीज थी. इसकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि भारतीय दर्शक भी गंभीर कहानी को पसंद करते हैं. इसके बाद भारतीय OTT प्लेटफॉर्म पर बड़े बजट और दमदार कंटेंट वाली वेब सीरीज बनने लगीं. सेक्रेड गेम्स सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं थी, बल्कि यह सत्ता, अपराध, राजनीति, धर्म और इंसानी महत्वाकांक्षा की परतों को खोलने वाली कहानी थी. यही वजह है कि रिलीज के सालों बाद भी इसकी चर्चा होती रहती है.
ये भी पढे़ं- कौन हैं गौरी स्प्रैट, 61 के आमिर खान की बनेंगी तीसरी बेगम, सुपरस्टार ने बताया 5 जुलाई की शादी का खास प्लान