नीम करौली बाबा की फिल्म ‘हनुमान अंश’ उत्तराखंड में होगी टैक्स-फ्री, मुख्यमंत्री धामी ने किया बड़ा ऐलान

नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स-फ्री किया जाएगा. करीब 15 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म 97 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
हनुमान अंश उत्तराखंड में होगी टैक्स फ्री

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश' को राज्य में टैक्स-फ्री करने का ऐलान किया है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में यह फिल्म देखी. फिल्म की कहानी और संदेश से प्रभावित होकर धामी ने इसकी टीम की तारीफ की. करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अब तक 97 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. शुरुआत धीमी रहने के बाद फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया का फायदा मिला.

मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म को लेकर क्या कहा?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘हनुमान अंश' जैसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम करती हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि फिल्म के जरिए दर्शकों को नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान में उनकी गहरी आस्था को समझने का मौका मिलता है. धामी ने कहा कि बाबा का पूरा जीवन मानव सेवा, आध्यात्मिक साधना और समाज के कल्याण के लिए समर्पित था. उनका जीवन यह सिखाता है कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता की मदद करना भी भक्ति का ही हिस्सा है.

कैंची धाम और नीम करौली बाबा की कहानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम आज दुनिया भर के लोगों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है. फिल्म ‘हनुमान अंश' इसी आध्यात्मिक विरासत और नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़ी कहानी को सामने लाती है.

फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक परेशान युवक के इर्द-गिर्द घूमती है. मां की मौत के बाद उसके मन में जीवन, मृत्यु और ईश्वर को लेकर कई सवाल उठते हैं. इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए वह उत्तर भारत की यात्रा पर निकलता है. इसी सफर के दौरान उसकी मुलाकात आध्यात्मिक अनुभवों से होती है और वह आगे चलकर संत नीम करौली बाबा के रूप में पहचाना जाता है.

Advertisement

फिल्म में प्रेम, सेवा, दया और इंसानियत को सबसे बड़ा संदेश बताया गया है. कहानी यह दिखाती है कि सच्ची आध्यात्मिकता दूसरों की मदद करने और उनके दुख को समझने से जुड़ी होती है.

फिल्म की कास्ट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

‘हनुमान अंश' में शोभिनव सत्य ने मुख्य भूमिका निभाई है. उनके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है. यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. शुरुआत में दर्शकों की संख्या कम रही और पहले दो हफ्तों में फिल्म की कमाई भी धीमी थी. बाद में लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया और आपसी चर्चा के कारण फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली.

Advertisement

ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने अब तक करीब 97.77 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और 82.88 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. कम बजट में बनी इस फिल्म की बढ़ती कमाई ने इसे इस साल की सरप्राइज हिट फिल्मों में शामिल कर दिया है.

यह भी पढ़ें: 29 साल पुराना 90s का वो गाना, जो बन गया था दूरदर्शन की शान, ऑडियंस को हर रात होता था इंतजार, अदनान सामी-गोविंदा की मस्ती ने बनाया सदाबहार

Featured Video Of The Day
Nepal Miracle Rescue: Nepal में सबसे बड़ा चमत्कार! 11 दिन बाद टनल और मलबे से जिंदा निकले 2 लोग
Topics mentioned in this article
Hanuman Ansh
Pushkar Singh Dhami
Entertainment