महमूद की सबसे छोटी बहन, बड़े होते हुए 'भाई' बुलाते थे कॉमेडियन, सगे भाई के साथ किया पर्दे पर रोमांस तो उठी बैन की मांग 

सिनेमा जगत की वो खूबसूरत हसीना, जिन्हें महमूद 'भाई' बुलाते थे. उनकी मजबूरी किस्मत की चाबी बनी और आज वह पॉपुलर एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
महमूद की सबसे छोटी बहन हैं मीनू मुमताज
नई दिल्ली:

सिनेमा जगत में एक ऐसी अभिनेत्री हुईं, जिनकी खूबसूरती, डांस और अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, लेकिन उनकी जिंदगी संघर्ष की मिसाल बन गई. उनके सगे भाई कॉमेडियन महमूद उन्हें प्यार से 'भाई' कहकर बुलाते थे. ये हैं मीनू मुमताज. परिवार की मजबूरी ने उन्हें बचपन में ही मेहनत की राह पर डाल दिया और वही मजबूरी बाद में उनकी किस्मत की चाबी साबित हुई. मीनू मुमताज का जन्म 26 अप्रैल 1942 को मुंबई में हुआ था. उनका असली नाम मलिकुल निसा था. उनके पिता मुमताज अली उस समय के प्रसिद्ध अभिनेता और नर्तक थे.

महमूद की सबसे छोटी बहन थीं मीनू मुमताज 

मीनू परिवार की सबसे छोटी बेटी थीं. उनके सबसे बड़े भाई थे दिवंगत अभिनेता व कॉमेडियन महमूद अली. परिवार में चार भाई और तीन बहनें थीं. बचपन से ही मीनू अपने पिता के साथ अलग-अलग शहरों में डांस के स्टेज शो करती थीं, लेकिन पिता की शराब की बुरी लत के कारण घर की हालत बहुत खराब थी. जितना भी पैसा कमाते, सब शराब में उड़ जाता. नतीजा यह होता कि छोटे-छोटे बच्चे भूखे सो जाते.

ये भी पढ़ें- एक साल में 10 में से 9 हिट देने वाला सुपरस्टार, 1972 में किया बॉक्स ऑफिस पर राज, आज दामाद का बॉलीवुड पर जलवा

सीआईडी से रातोंरात हुईं पॉपुलर

ऐसी परिस्थिति में नन्हीं मीनू ने फैसला किया कि वे स्टेज शो के साथ-साथ फिल्मों में भी काम करेंगी, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके. उनकी मेहनत जल्द ही रंग लाई. साल 1955 में निर्देशक नानूभाई वकील ने उन्हें फिल्म 'सफी खातिम' में पहला मौका दिया. हालांकि, उन्हें असली सफलता साल 1956 में गुरुदत्त की सुपरहिट फिल्म 'सीआईडी' से मिली. इस फिल्म ने मीनू मुमताज को रातोंरात लोकप्रिय बना दिया. 

Advertisement

महमूद पुकारते थे भाई

इसके बाद उनकी किस्मत चमक उठी और उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया. वह सिर्फ खूबसूरत अभिनेत्री नहीं, बल्कि बेहतरीन डांसर भी थीं. उन्होंने हीरोइन के रोल के साथ-साथ कैरेक्टर रोल और साइड रोल भी किए. महमूद अपने छोटी बहन को 'भाई' कहकर पुकारते थे. उन्होंने एक बार कहा था, “मीनू मेरी छोटी बहन नहीं, मेरा बड़ा भाई है. जब मैं कुछ नहीं कर पा रहा था, तब वह कमाकर पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठा रही थी.” मीनू ने कई साल पहले ही यह साबित कर दिया था कि लड़के और लड़कियों में कोई फर्क नहीं होता. मीनू बेहद खूबसूरत और शानदार डांसर थीं. जल्द ही उन्हें मुख्य भूमिकाएं भी मिलने लगीं. फिल्म 'ब्लैक कैट' में उन्होंने बलराज साहनी के साथ हीरोइन का रोल किया. 

महमूद संग रोमांस की हुई खूब चर्चा

प्रसिद्ध डांसर हेलेन ने भी उनकी डांस की तारीफ की थी. मीनू काफी चर्चा में भी रहीं. दरअसल, उन्होंने भाई महमूद के साथ फिल्म हावड़ा ब्रिज (1958) में रोमांस किया, जिसके कारण लोग भड़क उठे थे और भाई-बहन के रिश्ते पर खूब बवाल भी मचा. यहां तक कि दोनों को ही फिल्मों में बैन करने की मांग भी उठी थी. हालांकि इन चर्चाओं से दूर फिल्म रिलीज के 6 साल बाद उन्होंने डायरेक्टर अली अकबर से शादी रचा ली और सब कुछ छोड़कर विदेश में बस गईं. साल 1963 में महमूद ने अपनी बहन की शादी बड़े धूमधाम से की. मीनू मुमताज का विवाह प्रोड्यूसर-डायरेक्टर-राइटर सैयद अली अकबर से हुआ. दंपति को चार बच्चे (बेटा एजाज और तीन बेटियां शहनाज, गुलनाज व महनाज) हुए. जीवन के अंतिम दौर में मीनू मुमताज कनाडा में रह रही थीं. 23 अक्टूबर 2021 को 79 वर्ष की आयु में कनाडा में उनका निधन हो गया. जानकारी के अनुसार, मीनू मुमताज उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं.

Advertisement

ये भी पढ़ें- VIDEO: गोविंदा की वाइफ के पैरों में गिरे भांजे कृष्णा अभिषेक, सुनीता मामी से 14 साल बाद कश्मीरा शाह ने मांगी माफी

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
West Bengal Election: बंपर वोटिंग, SIR और मुसलमान...इन सवालों पर क्या बोले Babul Supriyo? | TMC