धुरंधर 2 द रिवेंज सिनेमाघरों में ताबड़तोड़ कमाई के साथ रिलीज हो गई है. जहां फिल्म ने प्रीव्यू मिलाकर 139.78 करोड़ की कमाई भारत में कर ली है तो वहीं वर्ल्डवाइड आंकड़ा 238 करोड़ तक पहुंच गया है. जबकि फिल्म को मिक्स रिव्यू मिल रहे हैं. इसमें महेश बाबू और जूनियर एनटीआर का नाम भी शामिल हो गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर मिक्स कास्ट की तारीफ की है और उन्होंने अक्षय खन्ना का भी जिक्र किया है. इसके बाद सोशल मीडिया पर इंटरनेट यूजर्स रिएक्शन देते हुए नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं पहले दिन ही दोनों सुपरस्टार्स ने फिल्म देख ली.
महेश बाबू ने की धुरंधर 2 की तारीफ
एक्स पर महेश बाबू ने लिखा, धुरंधर द रिवेंज एक धमाका है, जो परफेक्शन के साथ दिखाया गया. रणवीर का सबसे बेहतरीन वर्जन आ गया है. जिस तरह से आदित्य धर ने इसे 'स्टैंडिंग ओवेशन' के लायक अनुभव को सोचा और पेश किया है. वह सचमुच कमाल का है. मैडी की परफॉर्मेंस और शाश्वत सचदेव के म्यूजिक का खास जिक्र करना तो बनता है. यह एक ऐसी फिल्म है जिसे महसूस किया जाना चाहिए और जिसका जश्न मनाया जाना चाहिए. पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई.
ये भी पढ़ें- धुरंधर 2 को प्रोपेगेंडा कहने वालों को राकेश बेदी का जवाब, बोले- इंदिरा गांधी और मोदी पर एक फिल्म आई थी
जूनियर एनटीआर ने की धुरंधर 2 की टीम की तारीफ
एक्स पर जूनियर एनटीआर ने लंबा चौड़ा मैसेज शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, धुरंधर द रिवेंज की टीम को एक बड़ा सलाम, जिन्होंने भारतीय दर्शकों के लिए एक जबरदस्त फिल्म पेश की. रणवीर सर सिर्फ शानदार ही नहीं हैं. उन्होंने स्क्रीन पर एक्टिंग का एक बेहतरीन नमूना पेश किया है. इस तरह की फिल्म बनाने के लिए पक्का इरादा और निडर सोच चाहिए होती है और आदित्य धर सर ने हर फ्रेम में वही ताकत दिखाई है. अपने पास मौजूद हर चीज का इस्तेमाल करके हर सीन को बेहतरीन बनाने का उनका तरीका, सच में तालियों का हकदार है. यह एक ऐसी फिल्म है, जो आपकी भावनाओं को जगाती है और फिल्म खत्म होने के काफी देर बाद तक आपके साथ रहती है. आर माधवन सर हमेशा की तरह बहुत सहज लगे और उन्हें हर फ्रेम में छाए हुए देखना सच में कमाल का एक्सपीरियंस था. संजय दत्त सर और अर्जुन रामपाल सर ने पूरी फिल्म में बहुत ही दमदार और गहरी एक्टिंग की है. शाश्वत सचदेव का म्यूजिक एक अलग ही लेवल का है. यह हर सीन को और भी शानदार बनाता और फिल्म के रोमांच को बढ़ा देता है. पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई. यह फिल्म बहुत आगे तक जाएगी.
अक्षय खन्ना के बारे में बोले जूनियर एनटीआर
अन्य ट्वीट में जूनियर एनटीआर ने लिखा, और हां, अक्षय खन्ना सर को कैसे भूल सकते हैं, वो इंसान जिन्होंने अपनी परफॉर्मेंस से इस फ्रैंचाइजी की मजबूत नींव रखी. Part 1 में उनका शांत लेकिन खतरनाक अंदाज, उनकी गहराई और स्क्रीन पर उनकी जबरदस्त मौजूदगी. सब कुछ अविश्वसनीय है... क्या कमाल के एक्टर हैं! इस पोस्ट को देखने के बाद लोग हैरान हैं कि पहले ही दिन दोनों स्टार ने फिल्म देख ली. वहीं कई लोग उन्हें ट्रोल भी करते हुए नजर आ रहे हैं.