पैसा खुदा तो नहीं, पर खुदा से कम भी नहीं... इन दिनों देसी ब्लिंग के सतीश सनपाल द्वारा कही गई ये बात चर्चा में हैं. नेटफ्लिक्स सीरीज देसी ब्लिंग में सतीश अपनी वाइफ तबिंदा के साथ अपने लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक दिखाते हुए दिख रहे हैं. जबकि उनके अलावा शो में इंडियन टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने कपल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश भी नजर आ रहे हैं. हालांकि चर्चा सबसे ज्यादा दुबई में रहने वाले बिजनेसमैन कपल सतीश सनपाल और उनकी पत्नी तबिंदा सनपाल की हो रही है. उनका परिचय शो के पहले एपिसोड में कुछ इस तरह से दिया कि सुनते ही दर्शक हैरान रह गए. सतीश कहते हैं, "पैसा खुदा तो नहीं, पर खुदा से कम भी नहीं." जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि नेटफ्लिक्स की यह नई सीरीज दुबई में रहने वाले भारतीय प्रवासियों की आलीशान जिंदगी को दिखाती है.
कौन हैं सतीश सनपाल
जैसे-जैसे आप सात एपिसोड की यह सीरीज देखते हैं, आपको समझ आता है कि ANAX Holding के फाउंडर और चेयरमैन सतीश सनपाल ऐसा क्यों कहते हैं. वह एक ऐसे बिजनेसमैन हैं जो राजाओं जैसी जिंदगी जीते हैं. वह बताते हैं कि वह फर्राटेदार इंग्लिश नहीं बोल पाते, लेकिन उनके हिसाब से, सब कुछ इसलिए ठीक हो जाता है क्योंकि उनके पास पैसा है - बहुत सारा पैसा.
ये भी पढ़ें- तबिंदा सनपाल का शॉकिंग बयान, बोलीं- पति किसी भी लड़की के साथ पार्टी करे...धनतेरस पर देता है 3 किलो सोना
देसी ब्लिंग में आ रहे नजर
Netflix की इस सीरीज में, सतीश और उनकी पत्नी तबिंदा, तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा के लिए दुबई के एलीट सर्कल में एंट्री का जरिया बनते हैं. वह कहते हैं कि उनके पास "ताकत, रसूख और पैसा" है. हालांकि इस सीरीज में और भी अमीर जोड़े और मशहूर हस्तियां नजर आती हैं, लेकिन तबिंदा और सतीश सबसे अलग दिखते हैं. पहले एपिसोड से लेकर सातवें एपिसोड तक, यह जोड़ा यह दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ता कि वे कितने अमीर हैं.
तबिंदा के पास है करोड़ों का सोना
तेजस्वी के साथ अपनी पहली मुलाकात के दौरान, सतीश बताते हैं, "मैंने बिंदा से वादा किया है कि हमारी शादी की 10वीं सालगिरह पर मैं उसे सोने से तौलूंगा. बिंदा ने मुझसे पैसों के लिए शादी नहीं की, और मैं उसके साथ बहुत खुश हूं. उसमें सारी अच्छी खूबियां हैं." तबिंदा आगे कहती हैं, "मेरे पास पहले से ही 40 किलो सोना है. सतीश को सोना खरीदना बहुत पसंद है. हर धनतेरस पर, वह मुझे लगभग 3 किलो सोना तोहफे में देते हैं." इस पर सतीश कहते हैं, "बिंदा तो सोने की रानी है." सतीश ने उनकी बेटी के पैदा होने से पहले ही उसके लिए सोने के बर्तन भी खरीद लिए थे. तबिंदा बताती हैं, "बेला के पैदा होने से पहले ही, उसके पापा ने उसके लिए सोने के बर्तन बनवा लिए थे. उसके पास सोने का गिलास, सोने की प्लेट और सोने का चम्मच है. वह दुबई की सबसे अमीर बच्ची है."
बेटी के पहले बर्थडे पर दी पिंक रोल्स रॉयस
वह बताती हैं, "हमने बेला का पहला जन्मदिन एक प्रिंसेस कैरिज (राजकुमारी की बग्घी) में एंट्री के साथ मनाया. उसने सोने की ड्रेस और 24-कैरेट सोने की जैकेट पहनी थी." तेजस्वी से बात करते हुए वह बताती हैं, "सतीश ने उसके जन्मदिन के गिफ्ट के तौर पर उसके लिए एक कस्टमाइज्ड पिंक रंग की रोल्स-रॉयस ऑर्डर की है." ET Now के अनुसार, इस कार की कीमत 5.8 करोड़ रुपये है. तभी तेजस्वी ने मजाक में कहा कि वह चाहती हैं कि, सतीश-तबिंदा उन्हें गोद ले लें, ताकि उन्हें भी एक गुलाबी रंग की रोल्स-रॉयस मिल सके.
सतीश के पास है कारों का कलेक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बिजनेसमैन के पास कम से कम पांच रोल्स-रॉयस और 35 करोड़ रुपये की एक बुगाटी शिरॉन है. लग्जरी कारों के कलेक्शन के अलावा, उनकी प्राइवेट यॉट भी 'देसी ब्लिंग' में दिखाई दी थी, और उस पर हुई एक पार्टी ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. सतीश और तबिंदा को महंगी घड़ियों, बैग, एक्सेसरीज, कपड़ों और लिमिटेड-एडिशन चीजों का भी काफी शौक है.
ये भी पढ़ें- जुम्मा चुम्मा दे दे में अमिताभ बच्चन संग रातोंरात बनीं सेंसेशन, बॉलीवुड छोड़ अब हैं गुमनाम, बन चुकी हैं दादी