गोकुलधाम सोसाइटी में बबीता जी को देखते ही जेठालाल के चेहरे पर जो मुस्कान आ जाती है, उसे देखकर फैंस भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाते. पिछले 18 सालों से दर्शक इस मजेदार केमिस्ट्री का आनंद ले रहे हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि बबीता जी और जेठालाल की ये ऑनस्क्रीन कहानी 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से शुरू नहीं हुई थी? दोनों सितारे एक-दूसरे को आज से नहीं, बल्कि करीब 30 साल से जानते हैं. इतना ही नहीं, ये टीवी की दुनिया में एक पुराने शो में साथ भी नजर आ चुके हैं. अब जब ये बात सामने आई है तो फैंस भी हैरान हैं कि उनकी फेवरेट जोड़ी का रिश्ता इतना पुराना निकला.
'तारक मेहता' ने बनाया घर-घर का स्टार
साल 2008 में शुरू हुए 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने कई कलाकारों की किस्मत बदल दी. जेठालाल के रोल में दिलीप जोशी और बबीता जी के किरदार में मुनमुन दत्ता दर्शकों के दिलों में बस गए. शो में दोनों के बीच दिखने वाली हल्की-फुल्की नोकझोंक और जेठालाल का बबीता जी के लिए खास लगाव आज भी लोगों को खूब पसंद आता है.
ये भी पढ़ें: क्या बदल गई आलिया भट्ट की ‘अल्फा' की कहानी? फिल्म में अब नहीं दिखेगा भारत-पाक कनेक्शन
जब 30 साल पहले साथ आई थी ये जोड़ी
दिलचस्प बात ये है कि टीवी की ये मशहूर जोड़ी 'हम सब बाराती' नाम के शो में भी साथ नजर आ चुकी है. उस वक्त न तो जेठालाल गोकुलधाम के सबसे चर्चित सदस्य थे और न ही मुनमुन दत्ता बबीता जी बनी थीं. दिलीप जोशी ने शो में नत्थू मेहता का किरदार निभाया था, जबकि मुनमुन दत्ता मीठी के रोल में दिखाई दी थीं. उस दौर में शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि आगे चलकर यही दोनों कलाकार टीवी की सबसे चर्चित जोड़ियों में शामिल हो जाएंगे.
आज भी कायम है फैंस का प्यार
वक्त बदला, शो बदले, किरदार बदले, लेकिन दर्शकों का प्यार नहीं बदला. आज भी सोशल मीडिया पर जेठालाल और बबीता जी के वीडियो सबसे ज्यादा देखे जाते हैं. कई फैंस तो मजाक में कहते हैं कि शो में चाहे कुछ भी बदल जाए, लेकिन जेठालाल का बबीता जी के लिए क्रश कभी नहीं बदलना चाहिए. यही वजह है कि सालों बाद भी ये जोड़ी दर्शकों की फेवरेट बनी हुई है.