ईरानी मूल की अभिनेत्री एलनाज नौरोजी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी. उन्होंने IANS को दिए बयान में पीएम मोदी की विदेश नीति की तारीफ की और कहा कि उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ मजबूत रिश्ते बनाए हुए हैं. किसी भी देश के नेता का पहला फर्ज है कि वह अपने देश और लोगों के बारे में सोचें. एलनाज ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की तारीफ करते हुए कहा, "पीएम मोदी ने कई देशों के साथ अच्छे रिश्ते बनाए हैं. भारत जैसा बड़ा और आबादी वाला देश संभालना आसान नहीं है, लेकिन भारत ने इस्लामिक देशों से लेकर इजराइल तक सभी के साथ अच्छे संबंध बनाए हैं. यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि भारत का नेतृत्व अपने लोगों की सुरक्षा और हित को सबसे पहले रखता है."
एलनाज ने आगे कहा, "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ ऐसे फैसले होते हैं, जिनसे मैं एक ईरानी के तौर पर सहमत नहीं हूं, लेकिन सच यह है कि पहले देश आता है. पहले अपने लोगों के बारे में सोचना चाहिए. मुझे ईरान में यह चीज नजर नहीं आती. हमारे शासन को हमारी परवाह नहीं है."
यह भी पढ़ें: टॉक्सिक अब 19 मार्च को नहीं होगी रिलीज, धुरंधर 2 का डर नहीं ईरान-इजरायल-अमेरिका बने वजह
एलनाज नौरोजी लंबे समय से ईरान के मौजूदा शासन की आलोचना करती रही हैं. वह कई बार सोशल मीडिया पर ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की नीतियों के खिलाफ बोल चुकी हैं. हाल ही में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और हमलों के बाद उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उस वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर इस जंग में कोई भी आम नागरिक मारा जाता है तो उसके लिए ईरान की सरकार जिम्मेदार होगी.
यह भी पढ़ें: धुरंधर एक्ट्रेस की आपबीती, ओवरवेट होने की वजह टी-सीरीज ने किया बाहर, सोशल मीडिया पर रोज मिलती है रेप की धमकी
एलनाज ने पहले भी कहा कि वह अपने देश ईरान वापस नहीं जा सकतीं, क्योंकि उन्हें अपनी सुरक्षा का डर है. ईरान में जन्मीं एलनाज बचपन में ही अपने परिवार के साथ जर्मनी चली गई थीं, और बाद में भारत आकर उन्होंने फिल्म और वेब सीरीज की दुनिया में अपनी पहचान बनाई. वह 'सैक्रेड गेम्स', 'तेहरान', और 'रणनीति: बालाकोट एंड बियॉन्ड' जैसी सीरीज में नजर आ चुकी हैं.