नितेश तिवारी की फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों में बज बना हुआ है. खबर है कि फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है. वहीं फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग चल रही है. इधर, मेकर्स ने फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर ऐसा सस्पेंस बना रखा है कि जब भी कोई नाम सामने आता है तो लोग चौंक जाते हैं. अब तक कुछ नाम ही पुख्ता तौर पर सामने आए हैं, जिमें श्रीराम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रोल में साई पल्लवी और रावण के रोल में यश के होने की खबर है. वहीं माना जा रहा है कि सनी देओल हनुमान जी के किरदार में होंगे. अब एक और एक्टर का नाम सामने आ रहा है, जो इस कहानी में अहम भूमिका निभाएगा.
ये भी पढ़ें: धुरंधर 2 की कहानी में कई ट्विस्ट्स लेकर आएंगी यामी गौतम, फिल्म में निभाने वाली हैं ये रोल
ये एक्टर बनेगा सुग्रीव
मिड-डे और वैरायटी की रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर सुहैल नायर फिल्म में बाली के भाई सुग्रीव का किरदार निभाएंगे. एक सूत्र ने उनके शामिल होने की पुष्टि करते हुए कहा, "वह सचमुच इस प्रोजेक्ट से जुड़ गए हैं और उन्होंने इसकी शूटिंग भी शुरू कर दी है. फिल्म की शूटिंग ज़ोरों पर है, और साथ ही पहले पार्ट के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम भी चल रहा है. टीम दिन-रात काम कर रही है ताकि यह फिल्म समय पर सिनेमाघरों में रिलीज हो सके."
ऋषि कपूर के बेटे बने थे सुहैल नायर
फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के पूर्व छात्र, सुहैल नायर ने 2016 में 'उड़ता पंजाब' से बॉलीवुड में डेब्यू किया. बाद में वह ऋषि कपूर के साथ फिल्म 'शर्माजी नमकीन' में नजर आए, जिसका प्रीमियर प्राइम वीडियो पर हुआ था.
फ़िल्मों के अलावा, वह कई वेब सीरीज़ में भी काम कर चुके हैं, जैसे 'जी करदा', 'मर्डर मुबारक', 'सारे जहां से अच्छा' और उनकी हालिया सीरीज 'सिंगल पापा', जिनमें उन्होंने अलग-अलग जॉनर में अपनी वर्सेटिलिटी साबित की है,
'रामायण' की स्टारकास्ट को लेकर खुलासे
'रामायण' की कास्टिंग से जुड़ी घोषणाएं लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं. हाल ही में, यह ख़बर आई है कि पंचायत फेम फ़ैसल मलिक इस फिल्म में कुंभकरण की भूमिका निभाएंगे, जबकि राघव जुयाल मेघनाद का किरदार निभाते नज़र आएंगे.
खबरों के मुताबिक लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल दिखेंगे. इसके अलावा सहायक कलाकारों में लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन, शीबा चड्ढा, आदिनाथ कोठारे और कुणाल कपूर भी शामिल हैं.