कभी-कभी कोई गाना सिर्फ गाना नहीं रहता, बल्कि प्यार के इजहार की पूरी कहानी बन जाता है. साल 2003 में आई अक्षय कुमार, लारा दत्ता और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘अंदाज' का ऐसा ही एक गाना था ‘किसी से तुम प्यार करो'. कुमार सानु और अलका याग्निक की आवाज में सजा यह रोमांटिक गाना आज भी 90s और 2000s के संगीत प्रेमियों के बीच खास जगह रखता है. गाने के बोल प्यार को दिल में दबाकर रखने के बजाय समय रहते उसका इजहार करने की बात कहते हैं. शायद यही वजह है कि 23 साल बाद भी इसके बोल लोगों को अपनी अधूरी मोहब्बत की याद दिलाते हैं.
‘अंदाज' का हिस्सा था ये यादगार गाना
‘किसी से तुम प्यार करो' फिल्म ‘अंदाज' के सबसे चर्चित गानों में शामिल था. फिल्म 23 मई 2003 को रिलीज हुई थी और इसमें अक्षय कुमार के साथ लारा दत्ता और प्रियंका चोपड़ा नजर आई थीं. फिल्म का निर्देशन राज कंवर ने किया था, जबकि सुनील दर्शन इसके निर्माता थे. फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी नदीम-श्रवण की जोड़ी ने संभाली थी और गाने के बोल समीर ने लिखे थे. इस गाने को अलका याग्निक और कुमार सानु ने अपनी आवाज दी थी.
‘किसी से तुम प्यार करो तो फिर इजहार करो…'
गाने की सबसे खास बात इसके सीधे-सादे लेकिन दिल छू लेने वाले बोल हैं. गाना प्रेमी को सलाह देता है कि अगर किसी से प्यार है तो उसका इजहार कर देना चाहिए, क्योंकि देर होने पर मौका हाथ से निकल सकता है. यही भाव इसे आम रोमांटिक गानों से थोड़ा अलग बनाता है. कुमार सानु की आवाज का दर्द और अलका याग्निक की मधुर आवाज मिलकर गाने को एक खूबसूरत रोमांटिक एहसास देते हैं.
गाने ने बनाई अलग पहचान
‘अंदाज' का संगीत फिल्म की बड़ी ताकत बना था. फिल्म के निर्माता सुनील दर्शन ने बाद में बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में ‘किसी से तुम प्यार करो' को फिल्म के उन गानों में बताया था, जिसने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. उन्होंने यहां तक कहा कि गाने को मिले व्यूज इसकी लोकप्रियता का अंदाजा देते हैं और इसकी तुलना ‘चन्ना मेरेया' जैसे लोकप्रिय गाने से भी की.
आज जब प्यार का इजहार सोशल मीडिया मैसेज और डीएम से होने लगा है, तब यह गाना उस दौर की याद दिलाता है जब मोहब्बत कहने के लिए सही मौके और सही शब्दों का इंतजार किया जाता था. शायद इसलिए ‘किसी से तुम प्यार करो' आज भी सुनते ही पुरानी मोहब्बत, अधूरी कहानी और दिल की बात कह देने की हिम्मत याद दिलाता है.