बॉलीवुड के एक्शन हीरो सनी देओल एक बार फिर जोरदार कमबैक किया है. 'गदर 2' की बड़ी सफलता के बाद अब उनकी नई फिल्म 'बॉर्डर 2' भी दर्शकों को पसंद आ रही है. फिल्म की कामयाबी का जश्न मनाने के लिए आज मुंबई में मीडिया से मुलाकात हुई, जहां सनी देओल ने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की याद में भावुक बातें कीं. एक रिपोर्टर ने सनी देओल को सबसे भरोसेमंद सितारों में से एक बताया और उन्हें 'सनी 2.0' कहकर संबोधित किया.
ये भी पढ़ें: धुरंधर ने छुड़ाए किंग के डायरेक्टर के पसीने, शाहरुख खान की फिल्म को लेकर आए प्रेशर में
क्या बोले सनी देओल
रिपोर्टर की इस बात पर सनी देओल ने हंसते हुए कहा, "इतने साल पता नहीं कहां छुपा हुआ था. यह सुनकर बहुत अच्छा लगता है. मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मेहनत करो, अपने काम से प्यार करो, हिम्मत मत हारो. समय आता-जाता रहता है, लेकिन तैयार रहना चाहिए." सनी देओल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और ऊपर वाले की मेहरबानी को दिया. उन्होंने कहा, "यह सब मेरे पापा की बरकत है, वाहेगुरु जी की कृपा है. पहले भी लोग मुझे प्यार करते थे और आज भी करते हैं. जहां भी जाता हूं, ढेर सारा प्यार मिलता है. अब इंडस्ट्री को भी लगने लगा है कि देश भर के लोग मुझे देखना चाहते हैं, इसलिए मैं और फिल्में करता रहूंगा."
सनी देओल की अपकमिंग फिल्में
'बॉर्डर 2' का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है. इसमें वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, सोनम बाजवा और अन्या सिंह जैसे कलाकार हैं. फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई थी. सनी ने फिल्म के ओपनिंग क्रेडिट्स में खुद को 'धर्मेंद्र जी का बेटा' लिखवाकर पिता को भावुक श्रद्धांजलि दी थी, जो दर्शकों को बहुत पसंद आई. आगे सनी देओल 'लाहौर 1947' में आमिर खान और प्रीति जिंटा के साथ नजर आएंगे, जो स्वतंत्रता दिवस 2026 पर रिलीज होगी. साथ ही वे 'गबरू' नाम की एक और फिल्म पर काम कर रहे हैं, जो इसी साल आएगी.