फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भारत दौरे से पहले रणवीर सिंह की सुपरहिट स्पाई एक्शन फिल्म ‘धुरंधर' देखी है. उनके बेटे ने उन्हें इसे देखने की सलाह दी थी. अब वे इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. 4 से 7 मार्च तक भारत की राजकीय यात्रा पर आए राष्ट्रपति स्टब ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में मजाकिया अंदाज में खुलासा किया. उन्होंने कहा, “भारत आने से पहले मेरे बेटे ने मुझे ‘धुरंधर' देखने के लिए कहा था. मैंने फिल्म देख ली और आतंकवाद के खिलाफ इसकी कहानी मुझे बहुत पसंद आई. अब मैं 19 मार्च को रिलीज होने वाले इसके सीक्वल का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब फिल्म मेकर्स ने 7 मार्च को ‘धुरंधर 2: द रिवेंज' का नया ट्रेलर जारी किया. ट्रेलर में रणवीर सिंह अपने किरदार ‘जसकीरत सिंह रंगी' के रूप में फिर से कमाल कर रहे हैं. कहानी में वे कराची के खतरनाक अंडरवर्ल्ड में घुसपैठ कर चुके हैं और ल्यारी जैसे इलाकों पर कब्जा जमाकर आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की प्लानिंग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 ने रिलीज से पहले ही कर डाली मोटी कमाई, ढाई हजार रुपये कीमत में भी धड़ाधड़ बिक रही टिकटें
फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं. पहले पार्ट की सक्सेस में अक्षय खन्ना (रहमान डकैत के रूप में), संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों का बड़ा हाथ रहा था. सीक्वल पहले पार्ट के क्लाइमैक्स से आगे बढ़ेगी, जहां जसकीरत की असली पहचान का खुलासा हुआ था.
अगर आपने पहली फिल्म नहीं देखी है तो इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. ‘धुरंधर 2' 19 मार्च 2026 को दुनिया भर में थिएटर्स में रिलीज होगी. यह हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी आएगी. राष्ट्रपति स्टब की तारीफ से फिल्म की इंटरनेशनल अपील और बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: रणवीर सिंह की धुरंधर 2 करने जा रही 600 करोड़ की 'टॉक्सिक' का सफाया, पढ़ें बॉक्स ऑफिस गणित