फिल्म ‘भूत बंगला' को लेकर इन दिनों एक नया विवाद सामने आया है, जिसमें निर्माताओं पर बकाया भुगतान न करने के आरोप लगे हैं. हालांकि, प्रोड्यूसर एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ वेंडर्स ने दावा किया था कि फिल्म से जुड़े करीब 30 लाख रुपये के भुगतान अभी तक नहीं किए गए हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने स्पष्ट किया कि कंपनी ने अपने सभी कॉन्ट्रैक्चुअल दायित्व पूरे कर दिए हैं और किसी भी वेंडर का कोई बकाया नहीं है.
आरोपों पर कंपनी की सफाई
बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही ये खबरें पूरी तरह निराधार हैं. कंपनी के अनुसार, ‘भूत बंगला' से जुड़े सभी कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत भुगतान समय पर और पूरी तरह कर दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी वेंडर या सहयोगी के प्रति कोई राशि लंबित नहीं है. कंपनी ने अपनी छवि को साफ रखते हुए यह भी जोड़ा कि वह एक प्रतिष्ठित मीडिया संगठन है, जो अपने पार्टनर्स और क्रिएटिव टीम का सम्मान करता है और हमेशा उच्च कॉर्पोरेट गवर्नेंस का पालन करता है.
फिल्म और स्टारकास्ट की चर्चा
गौरतलब है कि ‘भूत बंगला' पिछले महीने रिलीज हुई थी और इसमें अक्षय कुमार, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव, असरानी और मिथिला पालकर जैसे कलाकार नजर आए. फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जो एक बार फिर अक्षय कुमार के साथ जुड़े हैं. यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के सहयोग से बनी है. निर्माताओं में अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर शामिल हैं.