रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' और उसकी सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है. अब इन दोनों फिल्मों के बजट का खुलासा हो गया है. फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्ट्स को मिलाकर कुल 255 करोड़ रुपये का खर्च आया. यह जानकारी काफी हैरान करने वाली है, क्योंकि फिल्म की स्केल और सफलता को देखते हुए बजट काफी कंट्रोल्ड लगता है. डायरेक्टर आदित्य धर ने शुरू में एक ही फिल्म बनाने की योजना बनाई थी. लेकिन शूटिंग के दौरान फिल्म की लंबाई बढ़ती गई और आखिर में यह 8 घंटे की हो गई. इतनी लंबी फिल्म एक साथ रिलीज करना नामुमकिन था, इसलिए इसे दो हिस्सों में बांट दिया गया. आदित्य धर ने खुद दोनों फिल्मों की मुख्य शूटिंग संभाली. उन्होंने सिर्फ थोड़ी मदद सेकंड यूनिट से ली, लेकिन अहम सीन खुद डायरेक्ट किए.
9 घंटे की फिल्म
सूत्र बताते हैं कि शूटिंग में छोटे-छोटे मोंटाज भी बड़े सीन में बदल गए. हर सीन इतना अच्छा बन रहा था कि कुछ भी काटना मुश्किल हो रहा था. मिसाल के तौर पर, अर्जुन रामपाल के कैरेक्टर का इंट्रोडक्शन सीन सिर्फ 10 सेकंड का लिखा गया था, लेकिन शूटिंग के बाद यह 8-9 मिनट लंबा हो गया. इसी तरह कई सीन सेट पर इम्प्रूवाइज किए गए. अंत में जो फिल्म बनी, वह ओरिजिनल स्क्रिप्ट से 95-96 प्रतिशत मैच करती है.
धुरंधर 1 और धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में हैं. 'धुरंधर' दिसंबर 2025 में रिलीज हुई और दुनिया भर में 1290 से 1330 करोड़ रुपये तक की कमाई कर चुकी है. वहीं 'धुरंधर 2' रिलीज के सिर्फ छह दिनों में ही 941 करोड़ के पार पहुंच गई है और जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है. देखा जाए तो धुरंधर 1 और धुरंधर 2 ने मिलाकर 2271 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. आदित्य धर की यह फिल्म न सिर्फ एक्शन और थ्रिल से भरपूर है, बल्कि मेकिंग की कहानी भी कमाल की है. कम बजट में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना बॉलीवुड के लिए नई मिसाल बन गया है.