धुरंधर: द रिवेंज इन दिनों सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. पहले भाग की जबरदस्त सफलता के बाद इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह था. धुरंधर 1 ने कहानी और कमाई दोनों ही मोर्चों पर मजबूत नींव रख दी थी, ऐसे में इसके दूसरे भाग का इंतजार स्वाभाविक था. यही वजह रही कि जैसे ही फिल्म के पेड प्रीव्यू शुरू हुए, सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी. पेड प्रीव्यू के जरिए ही फिल्म ने करीब 43 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली. इसके बाद रिलीज के पहले दिन फिल्म ने लगभग 102 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. गुरुवार तक कुल नेट कमाई 145 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.
ये भी पढ़ें: धुरंधर 2 में पकड़ी गई ये बड़ी गलती, मशहूर एक्टर ने सोशल मीडिया पर डाला सच
अगर पेड प्रीव्यू के आंकड़ों को अलग कर दें, तब भी पहले दिन की कमाई काफी मजबूत मानी जा रही है. दुनिया भर की कमाई की बात करें तो फिल्म ने करीब 236.63 से 240 करोड़ रुपये ग्रॉस का आंकड़ा छू लिया है. फिल्म कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि इन आंकड़ों में और तेजी देखने को मिल सकती है, ख़ासकर त्योहारी छुट्टियों के चलते. फिल्म कारोबार विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े का कहना है, धुरंधर 2 ने बुधवार को बेहद जबरदस्त शुरुआत की. कंटेंट देर से पहुंचने की वजह से कुछ मल्टीप्लेक्स में कुछ शो रद्द करने पड़े, इसके बावजूद शाम साढ़े चार बजे के बाद शुरू हुए शुरुआती प्रीव्यू ने 43 करोड़ रुपये की नेट ओपनिंग दी. गुड़ी पड़वा की छुट्टी के चलते फिल्म ने पहले दिन 102 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया, जिससे डेढ़ दिन का कुल आंकड़ा करीब 145 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
शुक्रवार को ईद और एक और सार्वजनिक अवकाश होने के कारण कमाई मजबूत रहने की उम्मीद है और यह आसानी से 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है. इसके बाद शनिवार और रविवार को भी अच्छा कारोबार रहने की संभावना है. इन रुझानों के आधार पर चार दिन का विस्तारित शुरुआती सप्ताहांत करीब 500 करोड़ रुपये नेट तक पहुंच सकता है और यही रफ्तार बनी रही तो दूसरे सप्ताहांत के अंत तक यह आंकड़ा 800 करोड़ रुपये तक जा सकता है. लगातार बनी मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए धुरंधर 2 के ब्लॉकबस्टर बनने की पूरी संभावना है और आगे चलकर भारत में इसका कुल कारोबार 2000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.
धुरंधर: द रिवेंज को कई दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी डब करके रिलीज किया गया है. आमतौर पर पैन इंडिया फिल्मों को दक्षिण और हिंदी पट्टी दोनों जगहों से अच्छा प्रतिसाद मिलता है, जैसा कि बाहुबली और केजीएफ जैसी फिल्मों के साथ देखा गया. हालांकि इस फिल्म को दक्षिण में अभी उतना बड़ा उत्साह नहीं मिला है, जितना हिंदी पट्टी में देखने को मिल रहा है. फिर भी उम्मीद की जा रही है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर आने वाले दिनों में दक्षिण भारत में भी इसका कारोबार बढ़ सकता है. कुल मिलाकर, धुरंधर: द रिवेंज ने शुरुआत से ही मजबूत पकड़ बनाई है और आने वाले दिनों में इसके और बड़े आंकड़े छूने की संभावना जताई जा रही है.