धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर कहर लगातार जारी है, जहां फिल्म एक के बाद एक नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है. देश में इतिहास रचने के बाद अब ये फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी है. धुरंधर 2 ने भारत के साथ-साथ नॉर्थ अमेरिका में भी बेहतरीन कमाई करते हुए दुनिया की टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में जगह बना ली है. इस दौरान रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ने क्रिस हेम्सवर्थ और रैचेल मैकएडम्स जैसे ग्लोबल स्टार्स की फिल्म को भी पछाड़ दिया है.
तीसरे हफ्ते में भी ‘धुरंधर 2' की रिकॉर्डतोड़ कमाई जारी
तीसरे हफ्ते में भी ‘धुरंधर 2' का जलवा बिल्कुल कम नहीं हुआ है. फिल्म ने भारत में 1000 करोड़ नेट का आंकड़ा पार कर लिया है और दुनियाभर में भी जबरदस्त कमाई कर रही है. नॉर्थ अमेरिका से लेकर बाकी देशों तक, हर जगह दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं. नॉर्थ अमेरिका में इसने 26 मिलियन डॉलर और दूसरे देशों में 15 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है. कुल मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 178 मिलियन डॉलर यानि 1650 करोड़ के पार पहुंच चुका है, जो इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बना रहा है.
ये भी पढ़ें: धुरंधर कर चमकी 20 साल की सारा अर्जुन की किस्मत,अब बॉलीवुड की इस लीजेंडरी एक्ट्रेस की बायोपिक लगी हाथ
दुनिया की टॉप फिल्मों को छोड़ा पीछे
धुरंधर 2 ने कमाई के मामले में कई बड़ी इंटरनेशनल फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इसने चीनी एनिमेटेड फिल्म Boonie Bears: The Hidden Protector को पछाड़ते हुए टॉप 10 की लिस्ट में जगह बनाई. इतना ही नहीं, फिल्म ने क्रिस हेम्सवर्थ की ‘Crime 101' (72 मिलियन डॉलर), रैचेल मैकएडम्स की ‘Send Help' (94 मिलियन डॉलर) और रिज अहमद की ‘Hamlet' (78 मिलियन डॉलर) को भी पीछे छोड़ दिया है.
फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड में ही 80 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली थी, जो कई हॉलीवुड फिल्मों से कहीं ज्यादा है. यहां तक कि जेंडाया और रॉबर्ट पैटिंसन की फिल्म ‘The Drama' की कमाई से भी यह काफी आगे निकल गई है.
पहले पार्ट ने भी किया कमाल
धुरंधर 2 साल 2025 में आई सुपरहिट फिल्म धुरंधर का सीक्वल है. फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन ने भी अहम भूमिका निभाई है. पहले पार्ट ने भी दुनियाभर में करीब 150 मिलियन डॉलर की कमाई की थी, जबकि दूसरा पार्ट उससे भी बड़ा ब्लॉकबस्टर साबित हो रहा है.