आदित्य धर की 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह की पकड़ बनाई है, उसने न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा है, बल्कि इंडस्ट्री के बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स को भी चुनौती दे दी है. खास बात यह है कि दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमी नहीं है. अब यह फिल्म उन चुनिंदा फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्होंने कम समय में 1000 करोड़ क्लब की ओर तेजी से कदम बढ़ाए हैं. इतना ही नहीं 10 दिनों में फिल्म 10 रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और हर दिन की कमाई के साथ नया रिकॉर्ड बना रही हैं.
धुरंधर 2 की कमाई
कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो, 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन से शानदार शुरुआत की और अपनी कमाई से सभी को चौंका दिया. फिल्म ने पहले दिन, यानी गुरुवार को, 102.55 करोड़ रुपए की जबरदस्त ओपनिंग ली. दूसरे दिन, शुक्रवार को, फिल्म ने 80.72 करोड़ रुपए कमाए, जबकि तीसरे दिन, शनिवार को, यह आंकड़ा बढ़कर 113.00 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. पहले रविवार को फिल्म ने सबसे ज्यादा उछाल दिखाते हुए 114.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया.
ये भी पढे़ं- 1200 करोड़ पहुंची धुरंधर 2 की कमाई, पाकिस्तान के लोगों ने आदित्य धर से कर दी 500 करोड़ की डिमांड, बोले- दे दें भाईजान
धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 10
पहले वीकेंड के बाद भी फिल्म की कमाई मजबूत बनी रही. पांचवें दिन सोमवार को 65.00 करोड़ रुपए, छठे दिन मंगलवार को 56.60 करोड़ रुपए और सातवें दिन बुधवार को 48.75 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज की गई. इसके बाद आठवें दिन गुरुवार को फिल्म ने 49.70 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. हालांकि नौवें दिन यानी शुक्रवार को थोड़ी गिरावट आई और कमाई 41.75 करोड़ रुपए रही, लेकिन दूसरे शनिवार को फिल्म ने फिर से जोरदार वापसी की और 62.85 करोड़ रुपए कमा लिए. इस तरह 10 दिनों में 'धुरंधर: द रिवेंज' का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. वहीं, दुनियाभर में इसका कलेक्शन 1226.44 करोड़ रुपए तक दर्ज किया गया है.
धुरंधर 2 ने इन 1000 करोड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर 'धुरंधर 2' ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में फिल्म ने शाहरुख खान स्टारर 'जवान' और 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. बता दें कि 'जवान' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,160 करोड़ और 'पठान' का 1,055 करोड़ रुपए था. इसके अलावा, फिल्म 'केजीएफ: चैप्टर 2' का 1215 करोड़ रुपए का कलेक्शन भी पार कर चुकी है. अब फिल्म की नजर 'आरआरआर' के रिकॉर्ड पर है, जिसने लगभग वर्ल्डवाइड 1,230 करोड़ रुपए का कारोबार किया था. माना जा रहा है कि ये फिल्म जल्द ही इस रिकॉर्ड को भी तोड़ देगी. हालांकि बात की जाए सीरीज की तो धुरंधर के 1300 कलेक्शन और धुरंधर 2 की वर्ल्डवाइड 1230 करोड़ की कमाई को मिलाकर 2500 करोड़ का कलेक्शन फिल्म कर चुकी है, जिसके साथ ही सभी भारतीय फिल्मों के रिकॉर्ड टूट चुके हैं.
बाहुबली 2 के रिकॉर्ड की तरफ बड़ी धुरंधर 2
हालांकि, अभी भी 'बाहुबली 2', जिसने करीब 1,788.06 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था, और 'दंगल', जिसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2,070.3 करोड़ रुपए तक पहुंचा था, अभी भी टॉप पर बने हुए हैं. इन दोनों फिल्मों के रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं है, लेकिन जिस तरह से 'धुरंधर 2' लगातार ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, उससे उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी इन ऐतिहासिक आंकड़ों को चुनौती दे सकती है. 'धुरंधर 2' में रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई है. इनके अलावा, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने भी फिल्म में अहम रोल निभाया है.