Ranveer Singh Grandmother Chand Burke : रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर के सक्सेस को एंजॉय कर रहे हैं. पहले पार्ट की अपार सफलता के बाद अब सेकेंड पार्ट धुरंधर 2 भी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉडतोड़ सफलता हासिल कर रही है. फिल्म पाकिस्तान में सेट है, जिसमें रणवीर सिंह के किरदार का नाम हमजा है. हालांकि हम बता रहे हैं हमजा के पाकिस्तान कनेक्शन के बारे में, जिसके बारे में जानकर आप हैरान होंगे. रणवीर सिंह एक बेहद टैलेंटेड एक्टर हैं, लेकिन, यह बात कम ही लोग जानते हैं कि वह 40 के दशक की एक मशहूर एक्ट्रेस के पोते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही पढ़ा. एक्टिंग रणवीर के खून में है, जिसका श्रेय उनकी दादी को जाता है. वह अपने जमाने की एक बेहतरीन एक्ट्रेस थीं.रणवीर सिंह की दादी थी मशहूर एक्ट्रेस चांद बर्क.
रणवीर सिंह की दादी चांद बर्क 40 के दशक की एक मशहूर एक्ट्रेस थीं
चांद बर्क का जन्म 2 फरवरी, 1932 को एक ईसाई परिवार में हुआ था. उनके माता-पिता और बचपन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. कुछ रिपोट्स के मुताबिक अविभाजित भारत के मार्टिनपुर गांव में एक ईसाई परिवार रहता था. सैमुअल मार्टिन बर्क इसी परिवार से थे. वह बाद में इंग्लैंड चले गए, बाद में वह 11 देशों में पाकिस्तान के राजदूत बनें. उनकी बहन चांद बर्क हिंदी फिल्मों में एक्ट्रेस बनीं. बंटवारे के बाद वह बॉम्बे आ गईं.
चांद बर्क का एक्टिंग करियर
चांद बर्क के एक्टिंग करियर की बात करें तो, उन्होंने फिल्म 'कहां गए' (1946) से डेब्यू किया था, जिसे महेश्वरी प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया था. हालांकि, देश के बंटवारे के बाद, चांद ने कई ऐसी फिल्मों में काम किया जो लाहौर में बनी थीं. अपने खूबसूरत नृत्य की बदौलत उन्हें ‘पंजाब की नाचती हुई लिली' का खिताब मिला. हालांकि, 1947 में विभाजन के बाद भारत आ गईं.
राज कपूर ने चांद बर्क को 'बूट पॉलिश' से दिया ब्रेक
बंटवारे के बाद, चांद बर्क काम पाने के लिए संघर्ष कर रहीं. तभी उन पर मशहूर एक्टर और फिल्ममेकर राज कपूर की नजर पड़ी. उन्होंने चांद को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पहला ब्रेक दिया. राज कपूर ने इस एक्ट्रेस को सदाबहार क्लासिक फिल्म 'बूट पॉलिश' (1954) में कास्ट किया, जिसमें उन्होंने 'बेबी नाज' का किरदार निभाया था.
चांद बर्क की मशहूर फिल्में
सिर्फ हिंदी फिल्मों में ही नहीं, चांद बर्क ने अपने करियर के दौरान कई पंजाबी फिल्मों में भी काम किया. 40 के दशक में वह मशहूर एक्ट्रेस थीं. चांद बर्क की कुछ सबसे मशहूर फिल्मों में 'अपने हुए पराये', 'अदालत', 'लजवंती', 'बसंत बहार', 'दुश्मन', 'श्रवण कुमार', 'कहीं दिन कहीं रात' और भी बहुत सी फिल्में शामिल हैं.
डायरेक्टर निरंजन से तलाक, मशहूर बिजनेसमैन सुंदर सिंह भवनानी से दूसरी शादी
चांद बर्क ने जाने-माने फिल्ममेकर निरंजन से शादी की थी. हालांकि, शादी के कुछ साल बाद दोनों के बीच दूरियां आ गईं. साल 1954 में चांद और निरंजन का तलाक हो गया. इसके बाद उन्होंने जाने-माने बिजनेसमैन सुंदर सिंह भवनानी से दूसरी शादी की. साल 1955 में चांद और सुंदर ने शादी कर ली. कपल के दो बच्चे हुए, टोन्या और जगजीत. जगजीत सिंह भवनानी ने अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए एक बिजनेसमैन बनने का फैसला किया. जगजीत सिंह भवनानी की शादी अंजू भवनानी से हुई है और वे बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और रितिका भवनानी के माता-पिता बनें. रितिका मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना ही पसंद करती हैं. 28 दिसंबर, 2008 को 76 साल की उम्र में चांद बर्क का निधन हो गया था.
ये भी पढ़ें