भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म कौनसी है? पिछले 5 सालों में पठान, जवान, पुष्पा 2, एनिमल और धुरंधर जैसी कई फिल्में ऐसी आईं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया और नया रिकॉर्ड बनाया. लेकिन 9 साल पहले आई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया. हम बात कर रहे हैं 2000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म दंगल की, जिसमें आमिर खान नजर आए थे. हालांकि अब मेकर्स ने दावा किया है कि 2027 तक धुरंधर 2 और वाराणसी इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे.
दंगल की बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म दंगल 2017 में रिलीज हुई थी. यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म थी, जिसने दुनियाभर में कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया. दरअसल, 600 करोड़ के कलेक्शन के बाद चीन में इस फिल्म को रिलीज किया गया, जिसके बाद दंगल का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2070 करोड़ तक पहुंच गया. इसके बाद यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई. वहीं इस रिकॉर्ड को अबतक कोई नहीं तोड़ पाया है.
2026 और 2027 में आएंगी बड़ी फिल्में
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बाहुबली, आरआरआर, एनिमल और धुरंधर का मार्केटिंग कैंपेन संभालने वाले वरुण ने इंटरव्यू में कहा कि अगले साल यानी 2027 तक 3 फिल्मों दंगल के रिकॉर्ड को तोड़ देंगी. वरुण ने अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर कहा, "यही हमारे काम की खूबसूरती है. एक हाथ में धुरंधर 2 और दूसरे हाथ में सूरज बड़जात्या की फिल्म है. यह वही क्लासिक सूरज बड़जात्या की वापसी है, और मैं यह देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं कि आज के दर्शक इसे कैसे पसंद करते हैं. फिर, वाराणसी है, एसएस राजामौली सर की बड़ी फिल्म. हमारे पास जिस तरह की रेंज है, उससे मैं बहुत खुश हूं."
वाराणसी और धुरंधर 2 तोड़ेगी दंगल का रिकॉर्ड?
आगे उन्होंने कहा, वरुण कहते हैं, "मेरे करियर में अगर कोई ऐसी फिल्म है, जिसके लिए मैं ओवरहाइप करने में कोई बुराई नहीं मानता, तो वह एसएसआर की फिल्म है, क्योंकि मुझे पता है कि वह हमेशा उम्मीदों से बेहतर करेंगे. मुझे नहीं लगता कि मैं यह बात दूसरी कई फिल्मों के लिए कह सकता हूं. कभी-कभी, ओवरमार्केटिंग नुकसान पहुंचाती है. लेकिन उनकी फिल्म के साथ, मुझे हमेशा भरोसा रहता है. कहानी चाहे जो भी हो, आपको पता है कि एसएस राजामौली आपको सरप्राइज और शॉक देने में कामयाब रहेंगे. यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म होगी, जिसे विदेशों में देखा जाएगा. आज हम फरवरी 2026 में बात कर रहे हैं. 16 महीने बाद हम फिर से बात कर सकते हैं, और हम निश्चित रूप से इसे पार कर चुके होंगे. आपने जिन तीनों फिल्मों का जिक्र किया - धुरंधर 2, रामायण पार्ट वन, और वाराणसी - उनमें बहुत साफ पोटेंशियल है."