'बंटवारा 1947' इस साल की सबसे सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक है. इस फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस ने किया है. जबकि फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी हैं. फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं. यह बहुचर्चित ऐतिहासिक ड्रामा 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. 'बंटवारा 1947' के ऐलान के बाद से ही इसे लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है. अब फिल्म के ट्रेलर को लेकर सनी देओल ने बेहद खास अंदाज में जानकारी शेयर की है.
कब आएगा 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर
कल यानी 28 जुलाई को 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज होने वाली है. ट्रेलर रिलीज से पहले सनी देओल ने सोशल मीडिया पर अपनी मां प्रकाश कौर के साथ एक प्यारी तस्वीर शेयर की. उन्होंने अपनी मां को अपनी सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ा सहारा बताया. साथ ही बंटवारा 1947 को अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करते हुए उनके बेपनाह प्यार, हिम्मत और अनगिनत त्याग को सलाम किया.
मां के लिए क्या बोले सनी देओल
पोस्ट शेयर करते हुए सनी देओल ने लिखा, 'मेरी मां ही मेरा रब हैं. मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत. बंटवारा 1947 मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं. ट्रेलर कल रिलीज होगा!' इसके अलावा सनी देओल ने फिल्म को मिले A सर्टिफिकेट पर खुशी जाहिर करते हुए पोस्ट शेयर कर लिखा है, 'हमें बेहद खुशी है कि CBFC (सेंसर बोर्ड) ने बंटवारा 1947 को बिना एक भी कट लगाए 'A' सर्टिफिकेट दिया है. इंसानियत और प्यार की कहानी कहने वाली इस फिल्म को इस पार्टिशन डे, यानी 14 अगस्त से सिनेमाघरों में जरूर देखें.'
'बंटवारा 1947' की कास्ट
बंटवारा 1947 एक ऐसी इमोशनल कहानी लेकर आ रही है, जो भारत के बंटवारे के दर्द और उससे जुड़े इंसानी जज्बातों को करीब से दिखाएगी. फिल्म मुश्किल हालात में भी प्यार, हिम्मत, त्याग और कभी हार न मानने वाले जज्बे की कहानी कहेगी. फिल्म में शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे. खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर से साथ आ रही है.
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बंटवारा 1947 का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि इसके गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म को आमिर खान और अपरणा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है. बंटवारा 1947 दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी.