धुरंधर 2 19 मार्च को रिलीज होने के लिए तैयार है. इसी बीच मेकर्स ने धुरंधर को भी रि रिलीज किया है, जिसके चलते आदित्य धर की फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट लेवल बढ़ गया है. हालांकि धुरंधर 2 एडवांस बुकिंग के अलावा फिल्म में कैमियो को लेकर भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में कुछ खबरों में दावा किया गया था कि सलमान खान और इमरान हाशमी का धुरंधर 2 में कैमियो होगा. हालांकि मेकर्स ने इस पर कोई खुलासा नहीं किया जबकि अब 19 मार्च को इन खबरों के सच से पर्दा उठेगा. लेकिन हाल ही में बॉलीवुड के सुपरस्टार ने खुलासा किया है कि आदित्य धर ने उन्हें कैमियो करने का ऑफर दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था. यह और कोई नहीं सुपरस्टार अनिल कपूर हैं.
धुरंधर में अनिल कपूर को ऑफर हुआ था कैमियो रोल
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में अनिल कपूर ने कहा, हां आदित्य (धुरंधर 2 के डायरेक्टर आदित्य धर ) मेरे पास धुरंधर 2 के लिए आए थे. वह चाहते थे कि मैं एक छोटा सा कैमियो करुं. लेकिन आज मैं जो कुछ भी हूं, उसका क्रेडिट मेरे प्रोफेशनलिज्म और मेरे कमिटमेंट को जाता है. यह बहुत जरूरी है. सिर्फ टैलेंट आपको वह नहीं बना सकता जो आप हैं. उस समय, मैंने वे तारीखें पहले ही किसी दूसरे फिल्ममेकर को दे दी थीं. मैंने आदित्य से कहा, ‘मुझे यह कैमियो करना बहुत पसंद आता, लेकिन मैं पहले ही कमिटेड हूं.' वह अब यह फिल्म रिलीज कर रहे हैं और यह एक जबरदस्त फिल्म है. यह मेरा नुकसान है, लेकिन कोई बात नहीं.”
आदित्य धर के साथ काम करने पर अनिल कपूर ने कही ये बात
आगे अनिल कपूर ने कहा, “कम से कम मेरे मन के किसी कोने में यह बात तो है ही कि ऐसा उनके साथ भी हो सकता है. हो सकता है कोई और फिल्ममेकर हो जिसने अभी-अभी कोई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी हो और मुझे कोई ऑफर दे दे. जबकि मैं पहले से ही आदित्य को अपनी तारीखें दे चुका हूं. अगर ऐसे में मैं जाकर वह फिल्म कर लूं और उनकी डेट कैंसिल कर दूं, तो यह पूरी तरह से अनप्रोफ़ेशनल होगा. हां, उन्होंने मुझे रोल ऑफर किया था, और उम्मीद है कि भविष्य में हम साथ मिलकर काम करेंगे.”
धुरंधर 2 के बारे में
5 दिसंबर 2025 में रिलीज हुई फिल्म धुरंधर का सीक्वल धुरंधर 2 है, जो 19 मार्च को रिलीज होने को तैयार है. फिल्म को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है और रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर अहम किरदार में नजर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडवांस बुकिंग में फिल्म ने 50 करोड़ की कमाई हासिल कर ली है, जिसके चलते देखना होगा कि पहले दिन फिल्म कितनी कमाई करती है.